Sports

पेरिस ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम का विजयी आगाज, न्यूजीलैंड को 3-2 से हराया

Hockey team india

पेरिस, 27 जुलाई (Udaipur Kiran) । भारतीय हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक 2024 में जीत के साथ आगाज किया है। ग्रुप-बी के अपने पहले मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को 3-2 से मात दी है। वहीं भारत का अगला मुकाबला 29 जुलाई को अर्जेटीना के साथ होगा।

मैच में भारत को न्यूजीलैंड के जबरदस्त डिफेंस का सामना करना पड़ा। पहले क्वार्टर में लेन सैम ने एक पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर न्यूजीलैंड को बढ़त दिला दी। न्यूजीलैंड ने इस गोल को बराबर करने से भारतीय खिलाड़ियों को पहले क्वार्टर तक रोके रखा। हालांकि भारत को हमले के कई मौके मिले लेकिन न्यूजीलैंड की तगड़ी रक्षापंक्ति ने सभी प्रयास विफल कर दिए। इसके बाद भारत ने अपने हमले को तेज किया और दूसरे क्वार्टर के 7वें मिनट में ही मिले पहले पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल दिया। मनदीप सिंह के इस गोल से टीम इंडिया ने स्कोर को बराबर किया। इतना ही नहीं भारत ने तीसरे क्वार्टर में भी तेजी बनाई रखी और एक और गोल कर स्कोर में 2-1 से अपनी बढ़त बना ली। यह गोल विकेक सागर प्रसाद के नाम रहा।

एक गोल से पिछड़ने पर न्यूजीलैंड पूरी तरह बौखला गई और लगातार हमले करने की ताक में लगी रही लेकिन भारतीय गोलकीपर श्रीजेश के शानदार डिफेंस को भेद पाने में सफलता नहीं मिली। आखिर के साढे सात मिनट के बाकि खेल में न्यूजीलैंड को एक पेनाल्टी कॉर्नर मिला जिसे साइमन चाइल्ड ने गोल में तब्दील कर स्कोर को 2-2 से बराबर कर दिया। चौथा क्वार्टर के समाप्त होने में 2 मिनट बचे होने के समय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनाल्टी स्ट्रोक के मौके को गोल में बदलकर भारत की जीत सुनिश्चित कर दी। इस तरह भारतीय हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक में अपना पहला मैच 3-2 से जीत लिया।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय / प्रभात मिश्रा

Most Popular

To Top