नई दिल्ली, 4 मई (Udaipur Kiran) । भारत और जापान के रक्षा मंत्री सोमवार को नई दिल्ली में मुलाकात करेंगे। भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और जापान के रक्षा मंत्री जनरल नाकातानी इस बैठक में द्विपक्षीय रक्षा सहयोग पर चर्चा करेंगे।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार इस बैठक में दोनों देश वर्तमान क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा हालात पर विचार साझा करेंगे। साथ ही रक्षा सहयोग को और मजबूत बनाने के रास्ते तलाशे जाएंगे।
भारत और जापान के बीच लंबे समय से मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। 2014 में इस रिश्ते को ‘विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी’ के स्तर पर ले जाया गया। इसके बाद से दोनों देशों के बीच सहयोग में नई गति आई है।
मंत्रालय के अनुसार रक्षा और सुरक्षा, भारत-जापान संबंधों के मजबूत स्तंभ माने जाते हैं। हाल के वर्षों में दोनों देशों के बीच रक्षा आदान-प्रदान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। सामरिक मुद्दों पर समान दृष्टिकोण के कारण यह सहयोग और भी प्रगाढ़ हुआ है।
इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की शांति, सुरक्षा और स्थिरता पर दोनों देशों की सोच एक जैसी है। इसी कारण इस क्षेत्र में सहयोग की अहमियत लगातार बढ़ रही है।
यह राजनाथ सिंह और जनरल नाकातानी के बीच दूसरी बैठक होगी। इससे पहले नवंबर 2024 में दोनों नेताओं ने लाओ पीडीआर में हुए आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक के दौरान पहली बार मुलाकात की थी।
इस बार की वार्ता से दोनों देशों के रक्षा रिश्तों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
—————
(Udaipur Kiran) / अनूप शर्मा
