BUSINESS

भारत ने समुद्री बुनियादी ढांचे के लिए 20 अरब अमेरिकी डॉलर देने की प्रतिबद्धता जताई

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सर्बानंद सोनोवाल

नई दिल्ली, 05 जून (Udaipur Kiran) । केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने गुरुवार को कहा कि भारत ने बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 20 अरब अमेरिकी डॉलर देने की प्रतिबद्धता जताई है, जिसमें मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स, बंदरगाह संपर्क और व्यापार सुविधा बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने जारी एक बयान में बताया कि सोनोवाल ने ओस्लो में नोर-शिपिंग सम्मेलन में बोलते हुए भारत की बढ़ती समुद्री क्षमताओं पर प्रकाश डाला, जिसमें अनुकूल नीति प्रेरित निवेश वातावरण, सिद्ध जहाज निर्माण शक्ति और क्षेत्रीय विकास में तेजी लाने के लिए नवीन वित्तपोषण योजनाएं शामिल हैं।

सर्बानंद सोनोवाल ने ओस्लो में नॉर-शिपिंग में नाविकों की भर्ती के लिए अधिक भागीदारी का आह्वान किया। पोत परिवहन मंत्री ने भारत-पश्चिम एशिया-यूरोप आर्थिक गलियारा (आईएमईईसी), पूर्वी समुद्री गलियारा (ईएमसी) और अंतरराष्ट्रीय उत्तर-दक्षिण परिवहन गलियारा (आईएनएसटीसी) जैसे रणनीतिक गलियारों के साथ समुद्री संपर्क और आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करने पर भी प्रकाश डाला।

उन्‍होंने अपने संबोधन में कहा कि भारत ने मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स, बंदरगाह संपर्क और व्यापार सुविधा बढ़ाने पर केंद्रित बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 20 बिलियन अमेरिकी डॉलर की प्रतिबद्धता जताई है। सोनोवाल ने कहा, नीतिगत प्रोत्साहनों, व्यापार में आसानी और बुनियादी ढांचे में वृद्धि के माध्यम से, हम 2047 तक भारत को शीर्ष पांच जहाज निर्माण देशों में से एक के रूप में उभरने की नींव रख रहे हैं। सोनोवाल नॉर्वे और डेनमार्क की पांच दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / प्रजेश शंकर

Most Popular

To Top