कोलकाता, 1 मई (Udaipur Kiran) ।पश्चिम बंगाल में मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में गुरुवार से रविवार तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज़ हवाएं चलने की संभावना है। शुक्रवार को स्थिति और गंभीर हो सकती है, जब 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाओं के साथ बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार, गरज चमक के साथ बारिश रविवार तक जारी रहेगी।
उत्तर बंगाल के जिलों—दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भी गुरुवार को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
कोलकाता में गुरुवार सुबह हल्की से मध्यम कुहासा या धुंध छाई रही। अधिक नमी और कम तापमान के चलते सुबह ठंडक का अहसास रहा। दिन चढ़ने के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। बुधवार को हुई बारिश के कारण गुरुवार की बारिश की संभावना थोड़ी कम मानी जा रही है, लेकिन शाम या रात में हल्की गरज के साथ बारिश हो सकती है।
कोलकाता में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम है। बुधवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.6 डिग्री कम था। हवा में नमी की मात्रा 77 से 96 प्रतिशत के बीच दर्ज की गई। अगले 24 घंटों में कोलकाता का तापमान 23 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि सोमवार से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी का असर फिर से महसूस किया जा सकता है। फिलहाल राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश और ठंडी हवाओं के कारण मौसम सुहावना बना हुआ है।
(Udaipur Kiran) / ओम पराशर
