
लखनऊ, 06 अप्रैल (Udaipur Kiran) । उप्र वन विभाग के प्रधान मुख्य वन संरक्षक व विभागाध्यक्ष सुनील चौधरी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में आठ अप्रैल से आठ मई तक वन व वन्य जीव सुरक्षा माह का आयोजन होने जा रहा है। इस माह के अंतर्गत प्रभागों में वन अपराधों पर अंकुश लगाने और वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर अभियान चलेगा। अभियान के दौरान वन बल, यूपी पुलिस के साथ ही नेपाल सीमा पर सक्रिय एसएसबी एवं अन्य सुरक्षा बलों का भी सहयोग लिया जाएगा।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक सुनील चौधरी ने बताया कि वन व वन्य जीव सुरक्षा माह अभियान आठ अप्रैल से प्रतिदिन तीन शिफ्ट में चलेगा। पहली शिफ्ट सुबह छह से दोपहर दो बजे तक, दूसरी दोपहर दो बजे से रात्रि 10 बजे व तीसरी शिफ्ट रात्रि 10 बजे से सुबह छह बजे तक चलेगी। इसके लिए प्रभागों में टीम का गठन किया जा रहा है। यह टीम वन भूमि पर होने वाले अतिक्रमण को भी हटाएगी।
सुनील चौधरी ने बताया कि जोनल एवं मंडलीय वन संरक्षक को अभियान के नोडल अधिकारी बनाया गया है। उनके द्वारा प्रतिदिन की रिपोर्ट प्रधान मुख्य वन संरक्षक व विभागाध्यक्ष कार्यालय में स्थापित कमांड सेंटर को भेजा जायेगा। नोडल अधिकारी की देखरेख में आमजन को हरितिमा बढ़ाने के साथ ही वनाग्नि की घटनाओं पर नजर रखने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। अभियान के साथ ही वनाग्नि की घटनाओं को भी न्यूनतम करने के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा।
—————
(Udaipur Kiran) / श.चन्द्र
