मुंबई, 24 मई (Udaipur Kiran) । दक्षिण मुंबई के मस्जिद बंदर रेलवे स्टेशन और पी. डी. मेलो रोड को जोड़ने वाले कर्नाक फ्लाईओवर और मुंबई के पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों को जोड़ने वाले विक्रोली रेलवे स्टेशन के पास फ्लाईओवर का काम लगभग पूरा हो चुका है। मुंबई मनपा की ओर से कहा गया है कि परिवहन विभाग के साथ समन्वय करके दोनों पुलों को यातायात के लिए खोलने की तारीख जल्द ही निर्धारित की जाएगी। दोनों ब्रिजों को खुलने से मुंबई वासियों को बड़ा फायदा होगा। इससे मुंबई शहर व उपनगरों में सड़क मार्गों की कनेक्टिविटी बढ़ जाएगी।
मुंबई में सुचारू यातायात के लिए मुंबई मनपा द्वारा विभिन्न सड़कों, रेलवे लाइनों, पैदल पुलों, स्काई ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। इसी कड़ी में कर्नाक रेलवे फ्लाईओवर और विक्रोली रेलवे फ्लाईओवर का काम भी शामिल है। अतिरिक्त मनपा आयुक्त (परियोजना) अभिजीत बांगर ने कर्नाक ब्रिज परियोजना स्थल का दौरा किया और प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि मध्य रेलवे द्वारा खतरनाक घोषित किए गए कर्नाक ब्रिज का पुनर्निर्माण मनपा कर रही है। इस पुल का पुनर्निर्माण मस्जिद बंदर क्षेत्र के पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्रों को जोड़ने वाले मौजूदा संपर्क को बनाए रखने के लिए किया गया है। रेलवे सीमा के भीतर पुल की लंबाई 70 मीटर, पूर्व की ओर (पी. डी’मेलो रोड) 155 मीटर और पश्चिम की ओर (मोहम्मद अली रोड) 255 मीटर है। वर्तमान में कर्नाक ब्रिज के दोनों ओर पक्की पहुंच सड़कें बनकर तैयार हो चुकी हैं। पश्चिमी ओर डेक स्लैब का काम भी पूरा हो चुका है। पूर्वी तरफ 80 मीटर में से 40 मीटर लंबे डेक स्लैब का काम पूरा हो चुका है और इसका क्योरिंग पीरियड चल रहा है। शेष 40 मीटर के लिए अर्ली स्ट्रेंथ कंक्रीट का उपयोग किया गया है। रेलवे सीमा के अंदर एंटी क्रैश बैरियर लगाने का काम चल रहा है। कुल मिलाकर पुल का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। शेष कार्य जैसे पेंटिंग, दिशा सूचक संकेत, बिजली के खंभे, थर्मोप्लास्टिक, कैट आई आदि का कार्य शुरू कर दिया गया है। ये सभी कार्य 10 जून 2025 तक पूरे हो जाएंगे।
अतिरिक्त मनपा आयुक्त बांगर ने बताया पूर्वी उपनगर विक्रोली में रेलवे लाइन के ऊपर बन रहा फ्लाईओवर पूर्व-पश्चिम क्षेत्र के लिए वरदान साबित होगा। यह पुल विक्रोली के पश्चिम में लाल बहादुर शास्त्री मार्ग और पूर्वी क्षेत्र में ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे को जोड़ेगा। इस फ्लाईओवर से यात्रा का समय लगभग 30 मिनट कम हो जाएगा। इस फ्लाईओवर के पूर्वी हिस्से का सारा काम पूरा हो चुका है। पश्चिमी ओर मैस्टिक डामर का काम चल रहा है। पुल के दोनों ओर दुर्घटना रोधी अवरोधक और ध्वनि अवरोधक लगाने का कार्य अंतिम चरण में है। रंग-रोगन और बिजली के खंभे लगाने का काम भी शुरू हो गया है। पश्चिम दिशा में ढलान वाले क्षेत्र को कंक्रीट भरकर ऊंचा किया गया है। ताकि तेज गति से चलने वाले वाहनों से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सके। इस कंक्रीटिंग की क्योरिंग तिथि 30 मई 2025 तक पूरी हो जाएगी। साथ ही पुल के सहायक कार्य भी पूरे हो जाएंगे। कुल मिलाकर 31 मई 2025 तक सभी कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
—————
(Udaipur Kiran) / वी कुमार
