HimachalPradesh

हिमाचल प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी, शिमला में गिरे फाहे, ठंड का प्रकोप बढ़ा

शिमला में मौसम

शिमला, 11 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम ने करवट बदली है। राज्य के जनजातीय जिलों चंबा, लाहौल-स्पीति और किन्नौर की पर्वत श्रृंखलाओं पर हल्का हिमपात हो रहा है। वहीं राजधानी शिमला में भी मंगलवार दोपहर अचानक मौसम ने रुख बदला और बादलों की घनी परतें छाने लगीं। इसके बाद अचानक कुछ सेकंड तक बर्फ़ के फाहे गिरे। हालांकि फाहे ज्यादा देर तक नहीं चली, लेकिन इसके चलते ठंड का असर और बढ़ गया।

जनजातीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी, भीषण ठंड का दौर जारी

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान किन्नौर और लाहौल-स्पीति के कई इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई। किन्नौर के कल्पा और लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में बर्फबारी दर्ज की गई जिससे तापमान में गिरावट आई है। ऊंचाई वाले इलाकों में पारा लगातार गिर रहा है और कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक राज्य के चार स्थानों पर तापमान जमाव बिंदु से नीचे चला गया है।

लाहौल-स्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान -7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो राज्य में सबसे कम है। इसके अलावा कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान -6.6 डिग्री और केलंग में -6.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं किन्नौर जिले के कल्पा में पारा -2.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। पर्यटक नगरी मनाली में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि राजधानी शिमला में यह 7 डिग्री सेल्सियस रहा।

शिमला में लंबे इंतजार के बाद फाहे गिरे

शिमला में इस साल अब तक अपेक्षित बर्फबारी नहीं हुई है। स्थानीय लोग और पर्यटक लंबे समय से बर्फबारी का इंतजार कर रहे थे। मंगलवार सुबह शिमला में धूप खिली रही, लेकिन दोपहर को मौसम अचानक बदला और घने बादल छा गए। शिमला से सटे पर्यटन स्थलों कुफरी और नारकंडा में भी मौसम बर्फबारी के लिए अनुकूल बना हुआ है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज मंगलवार को देर रात तक प्रदेश के पांच जिलों चंबा, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू और लाहौल-स्पीति में हल्की बर्फबारी और बारिश की संभावना है। इसके बाद प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार 12 से 15 फरवरी तक और फिर 17 फरवरी को प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। हालांकि 16 फरवरी को मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। विभाग ने अगले 24 घण्टे यानी 12 फरवरी को मैदानी इलाकों खासतौर पर बिलासपुर और ऊना में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Most Popular

To Top