
जैसलमेर, 23 मार्च (Udaipur Kiran) ।केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसने साल 2014 से 2024 के बीच देश विरोधी ताकतों के साथ मिलकर तरह-तरह का भ्रम फैलाकर भाजपा को सत्ता में न आने देने की नाकाम कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और जनता के विश्वास ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी पर भरोसा जताया। लगातार तीसरी बार भाजपा की प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाई।
रविवार को पोकरण विधायक महंत प्रताप पुरी के सानिध्य में होली स्नेह मिलन एवं कार्यकर्ता सम्मान समारोह में केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि साल 2014 में जहां अनुसूचित जाति और जनजाति के बीच भ्रम फैलाने को कोशिश की गई थी, उसी तरह साल 2024 में भाजपा सरकार बनने पर संविधान बदलने का भ्रम फैलाकर अल्पसंख्यकों में यह डर फैलाया गया कि उन्हें देश से बाहर कर दिया जाएगा, लेकिन विपक्ष का यह झूठ भी नहीं चला। शेखावत ने कहा कि मोदी जी जैसा शख्स देश का प्रधानमंत्री है, यह देश का सौभाग्य है, जिन्होंने पहली बार संसद पहुंचने पर संसद की सीढ़ियों पर माथा टेका था और संविधान की पुस्तक को गीता से ज्यादा मानते हुए उस संविधान की मर्यादा के तहत काम करते हुए भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ परिश्रम कर रहे हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि अनुसूचित जाति/जनजाति और अल्पसंख्यकों के बीच भ्रम फैलाने वाली कांग्रेस को यह भी पता होना चाहिए कि पिछले 10 वर्षों में हमारी सरकार ने अनुसूचित जाति/जनजाति और अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए जितना काम किया है, वह कांग्रेस की सरकारों में कभी नहीं हुआ।केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इसी तरह का झूठ जोधपुर लोकसभा क्षेत्र में फैलाकर कांग्रेस के लोग अपना उल्लू सीधा कर रहे थे, लेकिन यहां भी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने उस चुनौती को स्वीकार करते हुए काम किया, जिससे जहां देश में मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनीं। मुझे भी तीसरी बार यहां की जनता की सेवा करने का मौका दिया। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों की तरह ही आगे भी पोकरण सहित पूरे जोधपुर की जनता की हर समस्या के समाधान का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री शेखावत का पोकरण पहुंचने पर पुष्पों की वर्षा से स्वागत अभिनंदन हुआ। भजन टोली ने फागोत्सव में होली के गीत गाए। विशाल माला से अभिन्नदन किया गया। शेखावत ने विधानसभा क्षेत्र में सेवा एवं सुशासन को समर्पित पुस्तिका का विमोचन किया। भाजपा अध्यक्ष दलपत हीगडा सहित अनेक पदाधिकारी -जनप्रतिनिधि भाजपा मौजूद रहे। इससे पहले, शेखावत ने राजमथाई, फलसूंड, भिखोड़ाई, पोकरण सहित अनेक स्थानों पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
—————
(Udaipur Kiran) / चन्द्रशेखर
