Chhattisgarh

भाजपा की संभाग स्तरीय कार्यशाला में संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कहा-  ज्यादा-से-ज्यादा सदस्य बनाएंगे

भाजपा की संभाग स्तरीय कार्यशाला में संगठन महामंत्री अजय जम्वाल
भाजपा की संभाग स्तरीय कार्यशाला

रायपुर, 31 अगस्त (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान को लेकर मेराथन बैठकों की कड़ी में शनिवार को पूरे प्रदेश के सभी पांच संभागों रायपुर, दुर्ग, बस्तर, बिलासपुर और सरगुजा की संभागस्तरीय बैठकें शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर आयोजित हुईं। इन बैठकों में पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, सदस्यता प्रदेश संयोजक अनुराग सिंहदेव और प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव सहित सभी प्रमुख पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने अभियान के संदर्भ में प्रत्येक बिंदु पर विस्तार से मार्गदर्शन करते हुए इस संगठन महापर्व को सफल बनाने के लिए संकल्पित होने का आह्वान किया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कहा कि भाजपा के विस्तार और मजबूती के लिए ज्यादा-से-ज्यादा सदस्य बनाएंगे और सदस्यता का पूरा डाटा रखेंगे।

क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कहा कि पार्टी की सभी जिला, मंडल, मोर्चा और प्रकोष्ठों को सदस्यता का निर्धारित लक्ष्य पूरा करना है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को समाज के सभी वर्गों तक जाना है।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन विकसित भारत 2047 के सपने को साकार करना है तो इस सदस्यता अभियान को बहुत ही गंभीरता से लेना है।श्री जम्वाल ने कहा कि प्रदेश में सदस्यता की पिछली संख्या को उसी तरह पार करना है जैसे हमने छत्तीसगढ़ की सरकार हमेशा से ज्यादा सीटें जीतकर बनाई है। इसके लिए हमें उन जगहों पर जाना है, जहां हमारे कमजोर बूथ हैं। श्री जम्वाल ने कहा कि आज भाजपा एकमात्र पार्टी संपूर्ण दुनिया में है जो कैडर बेस्ड है। भाजपा अपने कार्यकर्ताओं की सामूहिकता से चलती है। नए-पुराने कार्यकर्ताओं की चिंता करती है, एक अच्छी दिशा देने का काम करती है।

महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में महिलाओं को सदस्य बनाना है। प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत मिल रही प्रोत्साहन राशि का लाभ हमें इस अभियान में मिलेगा, क्योंकि महिलाएं प्रदेश सरकार की योजनाओं से खुश हैं और वे भाजपा से जुड़कर सेवा करने हेतु आतुर हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने बताया कि सदस्यता अभियान की शुरुआत 02 सितंबर से होगी। जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पहले सदस्य बनेंगे। इसके बाद, पूरे देश में भाजपा कार्यकर्ता सदस्य बनेंगे और पुराने सदस्य भी सदस्य बनेंगे, साथ ही नए लोगों को जोड़ने का काम भी होगा। छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय सरकार ने 8-9 महीने में ही सरकारी योजनाओं से बड़ी संख्या में लोगों को जोड़ा, जिससे लोग भारतीय जनता पार्टी से स्वतः जुड़ने को तैयार हैं। नगरीय निकाय व त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से पूर्व ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस अभियान के माध्यम से हम सभी को जोड़ना है। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान भाजपा का सबसे महत्वपूर्ण कार्य है।

इस बैठक में संभाग प्रभारी रजनीश सिंह, संभाग सह प्रभारी निरंजन सिन्हा, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं विधायक सुश्री लता उसेंडी, विधायक नीलकंठ टेकाम, चैतराम अटामी, पूर्व सांसद बैदूराम कश्यप, जिलाध्यक्ष बस्तर, रूपसिंह मंडावी, कोंडागांव जिलाध्यक्ष दीपेश अरोरा, नारायणपुर जिलाध्यक्ष रूपसाय सलाम, सुकमा जिलाध्यक्ष धनीराम बारसे, कांकेर जिलाध्यक्ष सतीश लाटिया सहित प्रदेश सदस्यता टोली सदस्य श्रीनिवास राव मद्दी उपस्थित थे।अजय जम्वाल रायपुर, किरण देव कोंडागाँव, पवन साय बिलासपुर, अनुराग सिंहदेव भिलाई और संजय श्रीवास्तव अंबिकापुर की बैठकों में रहे उपस्थित रहे।

रायपुर संभाग की बैठक कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश कार्यालय में हुई, जिसमें भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, सांसद रूपकुमारी चौधरी, संभाग प्रभारी सौरभ सिंह व संभाग सह प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही मौजूद रहे।

विदित हो कि छत्तीसगढ़ के पांच संभाग बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा में कुल 35 जिला इकाइयां सदस्यता अभियान को गति देंगीं। आगामी 4 सितंबर को प्रदेश के सभी 35 जिलों और 6 सितंबर से मंडल इकाइयों में एक साथ सदस्यता अभियान शुरू होगा।

—————

(Udaipur Kiran) / केशव केदारनाथ शर्मा

Most Popular

To Top