HEADLINES

हरियाणा की चुनावी रैलियों ने नितिन गडकरी ने कहा- पराली अब किसानों की समृद्धि का कारण बनेगी

हरियाणा के कुरूक्षेत्र में आयाेजित रैली में भाग लेते केंद्रीय मंत्री नीतिन गडकरी

– कुरूक्षेत्र, लाड़वा की रैलियों में गडकरी ने कहा, किसान पराली न जलाएं

चंडीगढ़, 25 सितंबर (Udaipur Kiran) । केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को कहा कि हरियाणा में पराली जलाने की बड़ी समस्या है। उन्होंने किसानों से पराली ना जलाने का अनुरोध करते हुए कहा कि पराली अब किसानों के लिए समृद्धि का कारण बनने जा रही है। नई तकनीक के करीब 400 प्लांट देश में चल रहे हैं। इसमें से 60 प्लांट पंजाब और हरियाणा में हैं। पराली से बॉयो सीएनजी, बॉयो एलएनजी तैयार हो रही है। पानीपत में इंडियन ऑयल ने बहुत बड़ा प्लांट बनाया है, जहां पर एक लाख लीटर ईंधन तैयार हो रहा है।

केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने आज थानेसर से भाजपा उम्मीदवार सुभाष सुधा के समर्थन में एक जनसभा और लाड़वा विधानसभा से उम्मीदवार एवं मुख्यमंत्री नायब सैनी के समर्थन में बुद्धिजीवी सम्मेलन को संबोधित किया। यहां गडकरी ने कांग्रेस को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गरीबी हटाने का नारा दिया और गरीबी अपने चेले चपाटों और चमचों की हटाई। उन्होंने कहा कि लोगों की गरीबी हटी नहीं, पर कांग्रेस के लोग मालोमाल हो गए। उन्होंने कहा कि हरियाणा और पंजाब हमारे लिए अनाज का भंडार है। किसानों के परिश्रम से जितने गेहूं और चावल प्रति एकड़ हरियाणा और पंजाब में पैदा होते हैं, उतने देश में कहीं नहीं होते।

नितिन गडकरी ने कहा कि पहले किसान अन्नदाता कहे जाते थे, हमारी सरकार ने अब ऊर्जादाता बना दिया है। कुरूक्षेत्र जिले में जितनी बिजली खर्च होती है, उतनी बिजली हमारी चार मिलें तैयार कर रही हैं। पिछले साल 1200 रुपये प्रति क्विंटल किसानों की मक्का की फसल बिकती थी। हमने मक्का से बॉयो इथेनाल बनाने की शुरुआत की, इसलिए अब मक्का 2648 रुपये प्रति क्विंटल बिक रही है। गडकरी ने कहा कि देश बदल रहा है, देश का भविष्य भी बदल रहा है। भारत दुनिया की तीसरी आर्थिक शक्ति बनने की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। हम 5 ट्रिलियन डॉलर की इकोनामी बनने जा रहे हैं। भाजपा आत्मनिर्भर भारत और गांवों को भी स्मार्ट और विकसित बनाना चाहती है। उन्होंने कहा कि दलितों, शोषितों, वंचितों का उत्थान ही हमारा लक्ष्य है। हम दरिद्र नारायण को भगवान मानते हैं, निरंतर उनकी सेवा में तत्पर है। अंत्योदय ही हमारा उद्देश्य है।

भाजपा ने बिना भेदभाव के विकास कार्य कराएं : सुभाष सुधा

भाजपा उम्मीदवार सुभाष सुधा ने कहा कि भाजपा ने 10 वर्षों में हरियाणा का समान रूप से विकास किया है। उन्होंने कहा कि कुरूक्षेत्र में करोड़ों के विकास कार्य हुए है, इतना विकास कभी दूसरी सरकारों के दौरान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार ने किसानों की 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदने की गारंटी दी है। 10 वर्षों में बिना पर्ची और बिना खर्ची के युवाओं को नौकरियां देने का काम सरकार ने किया है।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top