Chhattisgarh

धमतरी में मधुमक्खियों ने आठ से 10 लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर काटा

मधुमक्खियों के हमले से बचने कपड़ा लपेटकर खड़े हुए लोग।

धमतरी, 27 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । कलेक्ट्रेट कार्यालय मोड़ पहुंच मार्ग पर स्थित एक घर के दीवार पर झूल रहे मधुमक्खियों के छत्ते से झुंड में उड़कर मधुमक्खियों ने राहगीरों व सब्जी व्यवसायी महिला को दौड़ा-दौड़ाकर काटा। इस हमले में आठ से 10 लोग घायल हुए हैं। इनमें से ज्यादा घायल कुछ लोगों को अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया, जहां डंक निकालने के बाद घायलों को छुट्टी दे दी गई।

जनपद पंचायत कार्यालय से कलेक्ट्रेट मोड़ रोड पर 27 फरवरी को दोपहर एक बजे लोगों में उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे के घर से दीवार पर झूल रहे मधुमक्खियों के छत्ते से उड़कर झुंड में मधुमक्खियों ने सब्जी व्यवसायी महिला समेत आठ से 10 राहगीरों को दौड़ा कर काटना शुरू कर दिया। घटना में कई लोग घायल हो गए। मधुमक्खियों से बचने लोगों ने आसपास के घरों, निजी दफ्तरों, होटलों और जनपद पंचायत कार्यालय क्षेत्र में भागकर अपनी जान बचाई। इस दौरान रूद्री रोड और कलेक्ट्रेट रोड में कुछ समय के लिए लोगों की आवाजाही पूरी तरह से बंद हो गई थी। लंबे समय तक इस क्षेत्र में मधुमक्खी उड़ते रहे। लोग सिर पर कपड़ा ढककर और महिलाएं व युवतियां स्कार्फ ढककर चल रही थी। फिर भी मधुमक्खी उड़ रहे थे। कुछ समय बाद मधुमक्खी भागे, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।

मधुमक्खियों के काटने से मनोहर लाल जैसवानी 65 वर्ष घायल हो गए थे। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं गाड़ी मैकेनिक दीपक सिन्हा टिकरापारा को भी मधुमक्खियों ने काटकर घायल किया। इसी तरह कलेक्ट्रेट मोड़ के पास सब्जी बेचने वाली महिला रोहिणी साहू समेत आठ से 10 लोगों को मधुमक्खियों ने काटकर घायल किया है। सब्जी व्यवसायी महिला सब्जियों को छोड़कर घर में घुसकर अपनी जान बचाई। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे के घर के दीवार पर दो छत्ते है। मकान मालिक तत्काल अपने घर के दीवार पर झूल रहे मधुमक्खियों के छत्ते को हटाए, क्योंकि यह कलेक्ट्रेट जाने का मुख्य मार्ग है, भविष्य में कभी भी मधुमक्खी लोगों पर पुन: हमला कर सकते हैं। मालूम हो कि एक दिन पहले नगर पंचायत भखारा में कोलियारी रोड के दुमराही तालाब में स्थापित शिव मंदिर में पूजा करने जा रहे अरिहंत डेंटल क्लिनिक के संचालक दंत चिकित्सक डा अभिजीत जैन पुत्र ललित जैन समेत कई लोगों पर सैंकड़ों मधुमक्खियों ने हमला कर दिया था।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Most Popular

To Top