RAJASTHAN

बीकानेर में घर-घर गूंजे गणेशजी के जयकारे, मंदिराें में लगीं कतारें

बीकानेर में घर-घर गूंजे गणेशजी के जयकारे, मंदिराें में लगीं कतारें

बीकानेर, 7 सितंबर (Udaipur Kiran) । “जय गणेश-जय गणेश जय गणेश देवा, माता जाकी पार्वती, पिता महादेवा, लड्‌डुअन को भोग लगे संत करे सेवा…

सरीखे जयकारों से आज गली-मोहल्ले गूंज उठे। घर-घर में गणेशजी की पूजा-आरती हुई। प्रसाद का वितरण किया गया। अवसर था गणेशजी के जन्मोत्सव के पर्व का। आस्थावान लोगों ने हर्षोल्लास के साथ गणेशजी का जन्मोत्सव मनाया। रिद्धि-सिद्धि के दाता गणपति भगवान का पहले पंचामृत से स्नान कराया। इसके बाद सिन्दुर, वर्क से शृंगार किया। पुष्प हार पहनाकर, गणेश के लड्डुअन, मोदक, चूरमा, बूंदी का भोग लगाया गया। विघ्नहर्ता गणेशजी की महाआरती की गई। घरों के मुख्य प्रवेशद्वार के ऊपर विराजमान गणेशजी का आज पूजन और शृंगार किया गया। उदयरामसर स्थित गणेश धाेरा में दरशन करने वालाें में डिप्टी मेयर राजेंद्र पंवार सहित अनेक माैजूद रहे।

मंदिरों में रही कतारें

गणेश चतुर्थी पर्व को लेकर आज सुबह से ही गणेश मंदिरों में दर्शनार्थियों की कतारें रही। लोगों ने गणेशजी के दरबार में सुख-समृद्धि की कामना की। मोदक का भोग लगाया। कोटगेट स्थित सट्‌टा बाजार में प्राचीन गणेश मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही। पुजारी शंकर सेवग ने सुबह पंचामृत से अभिषेक किया और बाद में विशेष शृंगार आरती की। वहीं नत्थूसर गेट बाहर स्थित बड़ा गणेश मंदिर में पुजारी परिवार के सुरेश कुमार रामवत सहित सदस्यों ने गणेशजी का विशेष शृंगार पूजन किया। इस अवसर पर दो क्विटल बूंदी का भोग लगाया गया। नत्थूसर गेट बाहर किराडू बागेची परिसर के भालचंद्र गणेश, उसके समीप के इक्कीसिया गणेशजी मंदिर, उदयरामसर के गणेश धोरा मंदिर, जूनागढ़ के गढ़ गणेश मंदिर, अन्त्योदय नगर के कान गणेश मंदिर, स्टेशन रोड पर मोहता धर्मशाला सहित मंदिरों में सुबह से ही दर्शनार्थियों की कतारें देखी गई।

कई स्थानों पर शुरू हुआ गणेश महोत्सव

आज गणेश चतुर्थी से ही महानगरों की तर्ज पर गणेश महोत्सव शुरू हुए। शहर में भट्ठड़ों के चौक, बारहगुवाड़ के समीप सदाफतेह, जोशीवाड़ा सहित कई स्थानों पर गणेशजी की स्थापना की गई है। जहां पर अनंत चतुर्दशी तक पूजा-अनुष्ठान होंगे। कई घरों में भी गणेश महोत्सव मनाया जाएगा। इसके लिए इस बार मिट्‌टी के साथ ही गोबर से निर्मित गणेशजी की प्रतिमाएं स्थापित की गई है।

वहीं दाऊजी मंदिर स्थित श्री आदि गणेश मंदिर में महायज्ञ की पूर्णाहुति हुई। अल सुबह 4 बजे पंड़ित विजय श्रीमाली, सुनील व्यास और जितेन्द्र श्रीमाली के सान्निध्य में मंत्रोंच्चारण के साथ भगवान गजानंद का दूध, दही, घी, शहद, चीनी, पंचामृत, केशर, मानसरोवर से लाए जल से अभिषेक किया गया। दोपहर 12 बजे आरती की गई। साथ ही 3101 किलो भोग गणेशजी के लगाया गया। रात को भक्ति संगीत संध्या का आयोजन होगा। इसमें राजेन्द्र व्यास, अशोक बांठिया, मनोज बिस्सा, सोमदत पुरोहित, रामसा व्यास,कैलाश पारीक सहित कलाकार भजनों की प्रस्तुति देंगे। आयोजन को लेकर भक्त मंडल के खेमचंद सोनी,गोपाल रंगा, किशन व्यास, दीपक पारीक,श्याम सुंदर,राजेश स्वामी,नितेश बिन्नाणी,जुगल,गोविंद पारीक ,पवन बागड़ी,राजकुमार खड़ेलवाल,मदन सुथार, नरेश आचार्य सहित सदस्य सेवा कार्य में जुटे हैं।

जोशीवाड़ा दस दिवसीय गणेश महोत्सव शुरू

जोशीवाडा के हनुमान मंदिर परिसर में आज से 90 वां गणेश महोत्सव दोपहर को गणेशजी की पूजा के साथ शुरू हुआ। यहां पर बंगाली कारीगरों द्वारा निर्मित मिट्टी की मूर्ति कोलकाता से मंगवाई गई है। महोत्सव से जुड़े रामेश्वर जोशी और रमेश आचार्य ने बताया कि महाराष्ट्र की तर्ज पर बीकानेर में गणेश महोत्सव की शुरुआत जोशीवाड़ा में की गई थी। जो आज भी अनवरत जारी है।

आज प्रथम दिन राजेन्द्र जोशी ने सपत्नीक पूजा करवाई। इस अवसर पर मौहल्ले के गणमान्य लोग, पूर्व पार्षद, हनुमान ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रेम रत्न जोशी, गौरी शंकर व्यास, अशोक थानवी, रविन्द्र जोशी, दिनेश आचार्य, हरि किशन जोशी सहित महिलाएं भी शामिल हुई। महोत्सव में गणेश चतुर्थी से अनंत चतुर्दशी तक रोजाना सुबह शाम आरती और भजन संध्या का आयोजन होगा। अंतिम दिन विसर्जन के बाद सामूहिक प्रसाद का आयोजन होगा।

—————

(Udaipur Kiran) / राजीव

Most Popular

To Top