HimachalPradesh

मोदी सरकार के 10 सालों में भारत ने आर्थिक मोर्चे पर लगाई लंबी छलांग : सुरेश कश्यप

भाजपा सांसद सुरेश कश्यप पार्टी के कार्यक्रम में

शिमला, 9 अप्रैल (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय सदस्यता अभियान के तहत शिमला और कुसुम्पटी विधानसभा क्षेत्रों में बुधवार को आयोजित कार्यक्रमों में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद सुरेश कश्यप तथा प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कटवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरा। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा।

सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि 2014 से देश में एक नए युग की शुरुआत हुई, जिसे ‘मोदी युग’ कहा जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने 2014 और 2019 में पूर्ण बहुमत की सरकारें बनाईं और 2024 में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अपने कार्यकाल में कई ऐतिहासिक फैसले लिए, जिनमें धारा 370 की समाप्ति, नागरिकता संशोधन कानून, राम मंदिर निर्माण, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत जैसी योजनाएं शामिल हैं।

कश्यप ने कहा कि बीते 10 वर्षों में भारत ने आर्थिक मोर्चे पर लंबी छलांग लगाई है। देश ‘फ्रैजाइल-5’ अर्थव्यवस्था से निकलकर ‘टॉप-5’ वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 80 करोड़ लोगों को हर माह मुफ्त राशन मिल रहा है, जबकि आयुष्मान भारत योजना से 50 करोड़ से अधिक लोगों को स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिला है।

उन्होंने बताया कि पीएम आवास योजना के तहत 4 करोड़ गरीबों को पक्के घर, स्वच्छ भारत मिशन के तहत 12 करोड़ शौचालय, जल जीवन मिशन से 14 करोड़ घरों में नल से जल पहुंचाया गया है। इसके अलावा किसान सम्मान निधि और उज्ज्वला योजना ने गांव और गरीब की जिंदगी में क्रांतिकारी बदलाव लाया है।

वहीं प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए सुरेश कश्यप ने कहा कि कांग्रेस के वर्तमान शासनकाल में प्रदेश ने जनविरोधी नीतियों का ही सामना किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने एक लाख करोड़ रुपये का कर्ज लिया, पानी और बस किराये को महंगा किया, बेरोजगारी और महिलाओं की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। उन्होंने विमल नेगी की रहस्यमयी मौत और चंबा हत्याकांड जैसे मामलों को भी कांग्रेस शासन की विफलताओं के रूप में गिनाया।

उधर, शिमला ग्रामीण मंडल का सक्रिय सदस्यता अभियान दीपकमल भवन, चक्कर में संपन्न हुआ, जिसमें भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कटवाल और शिमला ग्रामीण से भाजपा प्रत्याशी रहे रवि मेहता ने भाग लिया।

इस अवसर पर संजीव कटवाल ने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, जबकि कांग्रेस केवल परिवारवाद पर आधारित दल है। उन्होंने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसका कार्यकर्ता है, जो पार्टी को जमीनी स्तर से मजबूती देता है। कार्यकर्ताओं के परिश्रम के बल पर ही भाजपा आज देश के 20 राज्यों में सत्ता में है।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Most Popular

To Top