
नई दिल्ली, 15 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) अध्यक्ष जेपी नड्डा शनिवार को पार्टी महासचिवों के साथ बैठक कर रहे हैं। भाजपा मुख्यालय में चल रही बैठक में महासचिव दुष्यंत गौतम, विनोद तावड़े, तरुण चुघ, राधामोहन अग्रवाल, बीएल संतोष मौजूद हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में संगठन चुनाव पर चर्चा भी हो सकती है।
अगले महीने तक भाजपा के नए अध्यक्ष की भी घोषणा की जा सकती है। सूत्रों के अनुसार अभी तक 12 राज्यों में संगठन के चुनाव पूरे हो चुके हैं। 60 प्रतिशत चुनाव संपन्न होने के बाद भाजपा के अध्यक्ष पद का चुनाव होगा।
इसके साथ दिल्ली विधानसभा चुनाव में 27 साल के बाद भाजपा की शानदार वापसी हुई है, इसलिए यहां सरकार बनाने पर भी चर्चा संभव है। कयास लगाए जा रहे हैं कि दिल्ली में 20 फरवरी से पहले नई सरकार शपथ ले सकती है। सरकार में कौन मुख्यमंत्री बनेगा इस पर गहन मंथन चल रहा है। संसदीय दल की बैठक के बाद दिल्ली के लिए पर्यवेक्षक की नियुक्ति की जाएगी। उसके बाद विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से दल का नेता चुना जाएगा।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा को 48 सीटों पर जीत हासिल हुई है जबकि आम आदमी पार्टी को 22 सीटें मिली हैं। कांग्रेस इस बार भी खाता नहीं खोल पाई।
—————
(Udaipur Kiran) / विजयालक्ष्मी
