HimachalPradesh

भाजपा राज में हुआ संजौली मस्ज़िद में अवैध निर्माण : अनिरुद्ध सिंह

शिमला, 12 सितंबर (Udaipur Kiran) । शिमला के संजौली में मस्जिद के अनाधिकृत ढांचे को गिराने की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन से माहौल गरमाया हुआ है। मस्जिद विवाद को लेकर कैबिनेट मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने नया खुलासा किया है। उन्होंने दावा किया है कि यह मस्जिद कोरोना काल में बनाई गई। उस समय राज्य में भाजपा की सरकार थी और नगर निगम में भी भाजपा के मेयर का कब्ज़ा था। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 12 लाख रुपये इस मस्जिद को बनाने के लिए दिए।

उन्होंने यह भी बताया कि पिछली भाजपा सरकार ने विवादित मस्जिद के लिए लाखों रुपये की एक और बड़ी राशि भी जारी की है। उस वक्त दो लाख की धनराशि प्लानिंग हेड से भी दी गई। अनिरुद्ध सिंह ने अवैध मस्जिद निर्माण में सरकारी पैसे के इस्तेमाल होने का आरोप लगाते हुए इसकी जांच करने की बात कही।

अनिरुद्ध सिंह ने गुरूवार को शिमला में पत्रकार वार्ता में कहा कि संजौली में बीते दिन जो प्रदर्शन हुआ है। उसमें भाजपा नेता शामिल थे और कुछ शरारती तत्वों द्वारा पुलिस पर पथराव किया जिसमें छह पुलिस जवान घायल हुए है और पुलिस को हल्का बल का प्रयोग करना पड़ा। यह किसी धर्म से संबंधित मामला नहीं था बल्कि अवैध निर्माण से संबंधित मामला था और इसको लेकर कानून के तहत ही कार्रवाई अमल में लाई जा रही है लेकिन कुछ लोगों ने अपनी राजनीति चमकाने के लिए संजौली में धरना प्रदर्शन किया जा रहा है और माहौल खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में डर का माहौल बनाया जा रहा है लेकिन इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज मुस्लिम समुदाय द्वारा पूरे देश मे एक मिसाल पेश की गई और नगर निगम के आयुक्त को उन्होंने पत्र लिखकर अवैध निर्माण को सील करने का आग्रह किया है। यही नहीं मुस्लिम पक्ष ने जो अवैध निर्माण किया है, उसे खुद तोड़ने की भी बात कही है। जो की एक सरहानीय कदम है।

इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि संजौली में अवैध निर्माण को लेकर सरकार गंभीर है। संजौली मस्जिद को लेकर मुस्लिम पक्ष द्वारा महत्वपूर्ण कदम उठाए गए और कमेटी ने नगर निगम के पास पहुंचकर अवैध निर्माण को सील करने का आग्रह किया और जो अवैध निर्माण है उसे स्वयं तोड़ने का प्रस्ताव रखा है। कमेटी के इस फैसले का हम सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि शिमला में तहबाजारियों को लेकर कमेटी का गठन किया जा रहा है।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Most Popular

To Top