Madhya Pradesh

भारत में रहना है तो श्रीराम- श्री कृष्ण की जय कहना होगाः मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

चंदेरी को पर्यटन तीर्थ के रूप में किया जाएगा विकसितः मुख्यमंत्री डॉ. यादव

– जो यहां का खाता है, कहीं और का बजाता है, यह नहीं चलेगाः मुख्यमंत्री

भोपाल, 26 अगस्त (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत में अगर रहना है तो श्रीराम-कृष्ण की जय कहना होगा। उन्होंने कहा कि सावधान.. जो यहां का खाता है, कहीं और का बजाता है, यह नहीं चलेगा। इसके बाहर कुछ नहीं है। हमारे देश के भीतर हम सब का सम्मान करना चाहते हैं, किसी का अपमान नहीं करते हैं। हमारे यहां हिंदू-मुस्लिम का भाव नहीं है। हमारे यहां परमात्मा को, सृष्टि को समझने वाले लोग चाहिए। रहीम, रसखान, यहां की माटी को जोड़कर चले, इसलिए हम आज भी उन्हें स्मरण करते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को अशोकनगर जिले की ऐतिहासिक नगरी चंदेरी में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ‘आज मैं चंदेरी के हैंडलूम पार्क गया। वहां क्या हिंदू, क्या मुस्लिम, सब खूब मेहनत कर रहे हैं। यही पवित्रता का भाव चाहिए। आपकी पूजा पद्धति कोई भी हो, सबको छूट है, लेकिन सबसे पहले देशभक्ति चाहिए, क्योंकि देश है तो हम सब हैं। हम तो भाग्यशाली हैं कि भगवान राम-कृष्ण की भूमि पर जन्म लिया। हमारे देवी-देवताओं को समझने जाओगे तो पता चलेगा कि उन्होंने कदम-कदम पर कष्ट उठाए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कहा कि पूरे विश्व में हमारा देश ही ऐसा है, जहां देश के नाम के साथ माता का नाम जोड़ा जाता है। यही वजह है कि हम पाठ्यक्रम के अंदर भगवान श्रीकृष्ण एवं राम का इतिहास जोड़ रहे हैं। इन पाठों को पढ़ने से बच्चों में कर्म प्रधानता बढ़ेगी। भगवानों का इतिहास हमारे पाठ्यक्रमों का हिस्सा बनना चाहिए।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने चंदेरी पहुंचने पर सबसे पहले बुनकर पार्क में बुनकरों से संवाद किया। उनकी बनाई साड़ियां देखी। उन्होंने खुद भी साड़ी बुनी। डॉ. यादव ने यहां रोड शो भी किया। साथ ही लक्ष्मण मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि चंदेरी को पर्यटन तीर्थ क्षेत्र घोषित करता हूं। जहां-जहां से भगवान कृष्ण का इतिहास जुड़ा है, सभी क्षेत्र तीर्थ के रूप में विकसित होंगे।

चंदेरी आए थे श्रीकृष्ण

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे जन्माष्टमी पर्व मनाने के लिए चंदेरी में आए हैं। पांच हजार साल पहले भगवान श्रीकृष्ण भी चंदेरी आए थे, इसलिए चंदेरी को पर्यटन तीर्थ के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि शीघ्र ही प्रदेश के सभी जिलों एवं ब्लाकों में वृंदावन गांव बनाए जाएंगे। इससे लोग भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का अध्ययन कर उनके जीवन से सीख ले सकेंगे। इन वृंदावन गांव में अध्यात्मिक चर्चाएं होंगी।

ओवैसी ने किया मुख्यमंत्री डॉ. यादव के बयान पर पलटवार, कहा- वह अपनी जेब से नहीं खिला रहे हैं…

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बयान पर हैदराबाद से सांसद और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री जो बात कर रहे हैं आप अपनी जेब से नहीं खिला रहे हैं। ये देश सबका है। कोई अहसान नहीं कर रहे हैं आप…। वे यह बता दें कि 10 साल में इस देश के पांच फीसदी लोगों के पास 60 फीसदी दौलत कैसे आ गई। आप तो सिर्फ चंद उद्योगपतियों को ही खिला रहे हैं। आपको वे नहीं दिख रहा कि सबसे ज्यादा कुपोषित, ठिगने बच्चे भारत में हैं। आपको नजर नहीं आ रहा कि इस देश में करोड़ों लोग भूखे सोते हैं। कभी इनको भी तो देख लो।

राम और कृष्ण के बिना भारत है कहां: आचार्य प्रमोद कृष्णम

वहीं, पूर्व कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री ने जो बात कही उसे अगर आप धार्मिक दृष्टिकोण से देखेंगे तो आपको उनका बयान गलत लगेगा। लेकिन अगर आध्यात्मिक दृष्टिकोण से देखेंगे, भारत के ऐतिहासिक दृष्टिकोण से देखेंगे, भारत की संस्कृति और सभ्यता के दृष्टिकोण से देखेंगे तो वो ठीक कह रहे हैं। राम और कृष्ण भारत की आत्मा हैं। राम और कृष्ण के बिना भारत है कहां…

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top