RAJASTHAN

सरकार से खुश है तो तारीफ करो, नाखुश हो तो हमें बताओ : मदन राठाैड़

जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पर पार्टी के वरिष्ठ नेतागण, पदाधिकारी एवं ऊर्जावान कार्यकर्ताओं की सादर उपस्थिति में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष  मदन राठाैड़ का पदभार ग्रहण समारोह संपन्न हुआ।

जयपुर, 3 अगस्त (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के नए प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने शनिवार को पदभार ग्रहण किया। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और चित्तौडगढ़ सांसद सीपी जोशी ने प्रदेश कार्यालय में नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ को पदभार ग्रहण करवाया। इस मौके पर राठौड़ ने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि सरकार अपनी है। इसलिए सरकार की तारीफ करो। अगर सरकार के काम से खुश नहीं हो तो हमें बताओ। हम आपकी बात सुनेंगे। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने मदन राठौड़ को बंधाई देते हुए कहा कि ये बहुत ​मुश्किल काम है, इसमें कई लोग फेल भी हुए है। परंतु मुझे विश्वास है कि आपके साथ ऐसा नहीं होगा और सबको साथ लेकर चलने का काम करेंगे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पिछले राज की नीतियों के खिलाफ जिस तरह से कार्यकर्ताओं ने सतीश पूनियां और सीपी जोशी के नेतृत्व में आंदोलन किया। उसी का परिणाम है कि प्रदेश में हमारी सरकार बनी। हमने युवाओं को धोखा देने वालों को नहीं बख्शने की बात कही थी। आज पेपर लीक करने वाले 115 आरोपित जेल में है। इनके नेता प्रतिपक्ष कहते हैं कि मछली पकड़ी है, मगरमच्छ बाकी है। मैंने कहा था कि आप चिंता मत करो। मगरमच्छ भी जल्द ही आने वाले हैं। सीएम ने कहा कि अब संगठन की बागडोर मदन राठौड़ संभाल रहे हैं। यह कड़ी चलती रहती है। कभी जिलाध्यक्ष, कभी मंडल अध्यक्ष, कभी प्रदेशाध्यक्ष के रूप में। यह बदलता रहता है। यह बदलाव का क्रम है।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने मदन राठौड़ को बधाई देते हुए कहा कि ये बहुत ​मुश्किल काम है, इसमें कई लोग फेल भी हुए है। परंतु मुझे विश्वास है कि आपके साथ ऐसा नहीं होगा और सबको साथ लेकर चलने का काम करेंगे। मदन जी धैर्यवान हैं और कर्मठ है। धैर्य के कारण ही वो भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बने है। उन्होंने कहा कि मदन जी आपको बड़ा दायित्व मिला है। इस परिवार को जोड़िए और एक मुख होकर काम करें। ये बहुत मुश्किल काम है। लेकिन, हम सब मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि राजनीति में उतार चढ़ाव होता रहता है। हर व्यक्ति को इस दौर से गुजरना पड़ता है। लेकिन, राजनीति में तीन चीज बेहद अहम है… पद, मद और कर्म। पद और मद स्थाई है और कर्म अहम है। अच्छा काम करोगे तो लोग याद करेंगे। पद का मद हो जाता है तो कद नहीं रहता है। मदन जी ऐसे कार्यकर्ता जो कभी पद का मद नहीं करेंगे।

राजे ने कहा कि मेरे नजरिए में सबसे बड़ा पद जनता की चाहत है। जनता का विश्वास ऐसा पद है जिसे कोई नहीं मिटा सकता है। पद का मद नहीं लाना चाहिए। मुझे कार्यकर्ता के साथ रहने का सौभाग्य मिला। हम सबकी मेहनत से बीजेपी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। हमारा कार्यकर्ता धन से नहीं मन से काम करता है। विचारधारा की मशाल को आगे लेकर जाता है। मुझे भी विशाल परिवार के सदस्य बनने का सौभाग्य मिला है और बीजेपी हमारा परिवार है।

राजे की इस सीख पर प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने जो गुरु मंत्र दिया है, उसे वे हमेशा अपने साथ रखेंगे। उन्होंने कहा कि मंच से जो मुझे चेतावनी मिली है। उसका वे ध्यान रखेंगे।

पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि मदन राठौड़ ने प्रचारक के तौर पर विचार को आगे बढ़ाया है। इन्होंने आपातकाल में जेल काटी। राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार जिन्होंने आम कार्यकर्ता को पार्टी की कमान सौंपी। राजस्थान से कांग्रेस की निष्क्रिय सरकार को हटाने के लिए कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए सीपी जोशी ने हा कि बीजेपी की सरकार एक बार नहीं बार-बार बने, इसका संकल्प लेना चाहिए। जो संतों का अपमान करते है, उनको हमेशा सत्ता से दूर रखना है। उन्होंने कहा कि मेरा सौभाग्य है मैंने वसुंधरा राजे, अशोक परनामी, सतीश पूनिया, गुलाबचंद कटारिया, ओम माथुर और अरुण चतुर्वेदी की टीम में काम किया।

चित्तौडगढ़ सांसद जोशी ने कहा कि जो लोग संतों का अपमान करते है उन्हें सत्ता से बाहर रखने का हमें संकल्प लेना है। जो लोग अपनी जात छिपाते है और देश की जाति पूछने का दुस्साहस करते है उनसे सचेत रहने की आवश्यकता है। रमजान में जायरीन को विशेष दर्जा मिलता है लेकिन सावन में कांवडियों को विशेष दर्जा मिले और उनकी पवित्रता बनी रहे यह बात आती है तो कुछ लोगों को तकलीफ होती है। मिडिल ईस्ट में व्यापार करने के लिए हलाल सर्टिफिकेट लेना पड़ता है, यहां सनातन धर्म की पवित्रता बनाए रखने के लिए क्रेता-विक्रेता पर उंगली उठाई जाती है, यह देशव्यापी षडयंत्र चल रहा है। जिन्होंने आजादी के समय धर्म के आधार पर भारत माता को बांटने का काम किया था, वे सत्ता के लालची आज जाति, धर्म और पंथ के आधार पर देश को बांटने का काम कर रहें है लेकिन उनका यह प्रयास सफल नहीं होगा क्योंकि नरेन्द्र मोदी के रूप में मां भारती का सपूत जो देश का ही नहीं दुनिया के लोकप्रिय नेता दिल्ली में हम सभी का नेतृत्व कर रहें है।

जोशी ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और सभी कार्यकर्ताओं ने विधानसभा चुनाव में प्रदेश से कांग्रेस की निष्क्रिय सरकार को हटाकर भाजपा की विकासशील सरकार को लाने का काम किया है। प्रदेश में हर बार भाजपा की सरकार बने हमें यह संकल्प लेना है। हमारे नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ने प्रचारक जीवन से ही पार्टी के विचार को आगे बढ़ाया, आपातकाल में जेल काटी, विधायक और वर्तमान समय में राज्य सभा सांसद सहित अनेक दायित्वों का निर्वहन किया है, इनके अनुभव का लाभ संगठन और पूरे प्रदेश को मिलेगा। इस मौके पर कई मंत्री, सांसद, विधायक, पूर्व अध्यक्षों समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इससे पूर्व शनिवार सुबह मदन राठौड़ जयपुर एयरपोर्ट से बाइक रैली के साथ प्रदेश कार्यालय पहुंचे। यहां पूजा-पाठ के साथ उन्होंने चार्ज संभाला। पदभार ग्रहण करने के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मदन राठौड़ काे मिठाई खिलाई। वहीं राठौड़ ने भी सीएम भजनलाल और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का मुंह मीठा कराया।

(Udaipur Kiran) / रोहित / संदीप

Most Popular

To Top