Haryana

सिरसा: पहले छेड़ते नहीं, कोई छेड़ेगा तो उसे छोड़ेंगे नहीं, यही हमारी नीति: बराला

सिरसा में तिरंगा यात्रा निकालते भाजपा कार्यकर्ता।

सिरसा, 15 मई (Udaipur Kiran) । देशभक्ति के संदेश के साथ तीनों सेनाओं व अन्य सशस्त्र बलों के सम्मान में भाजपा द्वारा गुरुवार को सिरसा में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में मुख्य तौर पर राज्ससभा सांसद सुभाष बराला व कैबिनट मंत्री कृष्ण बेदी शामिल हुए। यात्रा के दौरान देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि भी दी गई।

इस मौके पर राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि देशभक्ति के संदेश के साथ सशस्त्र बलों के सम्मान में पूरे प्रदेश में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। सिरसा में भयंकर गर्मी के बावजूद भारतीय सेना व सशस्त्र बलों के सम्मान में निकाली गई इस यात्रा में सैकड़ों की संख्या में नागरिक शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि हमारी वैश्विक स्तर पर भारत की नीति स्पष्ट है कि भारत पहले छेड़ता नहीं और कोई छेड़ेगा तो उसे छोड़ेगा नहीं। हमारी जल, थल और वायु सेना ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को कुछ ही घंटे में नेस्तनाबूद कर अपना पराक्रम दिखाया।

उन्होंने कहा कि भारत ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह अपनी सीमाओं की सुरक्षा के लिए हर स्तर पर सक्षम है। चाहे वह सैन्य कार्रवाई होए कूटनीति हो या आर्थिक प्रतिबंध। उन्होंने कहा कि पूरा देश इस मामले में सरकार के साथ खड़ा रहा। राज्यसभा सांसद ने कहा कि देश ने पाकिस्तान से संबंध तोड़े, बॉर्डर बंद कर दिए गए और व्यापार बंद कर कूटनीतिक संदेश भी दिया गया। हमारी सेनाएं किसी भी प्रकार के आक्रमण का जवाब देने के लिए पूरी तरह से तैयार है। साथ ही यह स्पष्ट किया गया है कि यदि आतंकवादी हमला हुआ तो, यह युद्ध की श्रेणी में गिना जाएगा और हमारा देश इसका मुंहतोड़ जवाब देगा।

प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम से कुछ ही घंटों में पाकिस्तान को घुटनों के बल पर आना पड़ा। दुनिया की सबसे मजबूत सेना का शौर्य देखने को मिला। युद्ध के दौरान जिन सैनिकों ने अपना बलिदान दिया, देश की आन-बान और शान को बढ़ाने का काम किया, उनके सम्मान में यह तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि यह अकस्मात युद्ध हम पर यह समझ कर थोपा गया कि आज भारत दुनिया का सिरमौर बन रहा है। आर्थिक और वैश्विक तौर पर उन लोगों को भारत का आगे बढऩा बर्दाश्त नहीं हुआ और आतंकी हमला किया। हमारी सेना ने उन आतंकवादियों के अड्डों को ध्वस्त करने का काम किया। उन्होंने कहा कि भारतीय नेतृत्व में यह दम है कि यदि आप गोली चलाओगे तो हम गोला चलाएंगे।

पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि भारतीय सेना द्वारा की गई कार्रवाई को दो महिला अधिकारियों ने अपनी बात को देश के समक्ष रखा। इससे स्पष्ट है कि भारतीय महिलाएं किसी मामले में कम नहीं है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान व आतंकवाद को कड़ा जवाब दिया है।

—————

(Udaipur Kiran) / Dinesh Chand Sharma

Most Popular

To Top