CRIME

पत्नी की गोली मारकर हत्या करने के बाद पति फरार, पुलिस छानबीन में जुटी

प्रतिकात्मक चित्र।

रुद्रप्रयाग, 31 अगस्त (Udaipur Kiran) । जिला मुख्यालय के अमसारी वार्ड में एक महिला की गोली मारकर उसके पति ने हत्या कर दी और फिर फरार हो गया। घटना के बाद जिला मुख्यालय में अफरा तफरी का माहौल हो गया और दहशत फैल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।

जानकारी के अनुसार शनिवार को दोपहर लगभग साढ़े बारह बजे अमसारी गांव निवासी 28 वर्षीय पूजा की उसके पति अम्बेडकर नगर, दिल्ली निवासी 35 वर्षीय राजीव त्यागी ने गोली मारकर हत्या कर दी। सिर पर गोली लगते ही पूजा की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपित पति मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों को जैसे ही गोली की आवाज सुनाई दी तो कुछ लोग मौके पर पहुंच गए। इस बीच पुलिस को भी घटना की सूचना दे दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचने के बाद मृतका के शव को कब्जे में ले लिया, जबकि घटनास्थल वाले कक्ष को सीज कर दिया।

पूजा की मां रानी के कोतवाली रुद्रप्रयाग पहुंचने के बाद पुलिस ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों का आपसी विवाद कोर्ट तक पहुंचा था। महिला की 8 वर्ष की एक बेटी और 5 वर्ष का एक बेटा है जो उसके पति के साथ दिल्ली में ही रहता था। महिला छह महीने पहले दिल्ली से अपनी मां के यहां बसुकेदार आई थी, जबकि 15 दिन पूर्व वह रुद्रप्रयाग नगर पालिका के वार्ड 2 अमसारी में रह रही थी। उसका पति राजीव दिल्ली से एक हफ्ते पहले अमसारी आया था।

पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध घिल्डियाल ने कहा कि दोषी को किसी भी सूरत में बख्सा नहीं जाएगा। आरोपित जहां भी होगा पुलिस उसे खोज निकालकर सलाखों के पीछे डालेगी। सड़क मार्गों पर चेकिंग की जा रही है।

कोतवाली निरीक्षक राजेंद्र सिंह रौतेला ने बताया कि मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की तफ्तीश की जा रही है। आरोपित की धरपकड़ के लिए अनेक स्थानों पर पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है।

(Udaipur Kiran) / राजेश कुमार

Most Popular

To Top