Haryana

हुड्डा दिल्ली से झूठ का सामान लाकर यहां की जनता को परोस देते हैं, इनसे सचेत रहे जनता :नायब सैनी

लाेहारू में रैली काे संबाेधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी व केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत

लोहारू विधानसभा क्षेत्र की रैली काे मुख्यमंत्री ने किया संबाेधित

चंडीगढ़, 25 अगस्त (Udaipur Kiran) । म्हारा हरियाणा-नॉन स्टॉप हरियाणा जन आशीर्वाद रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कांग्रेस और भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर जमकर बरसे। नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस के पास न तो नेता है और न नीति है। उसके पास अब कुछ नहीं बचा है, कांग्रेस की दुकान खाली है। इस दुकान में वे दिल्ली से झूठ का सामान लेकर आते हैं और हुड्डा व उनके चमचे हरियाणा की जनता के सामने परोस देते हैं। प्रदेश की जनता को इनसे सचेत रहने की जरूरत है। उन्हाेंने कहा कि हुड्डा ने भर्ती रोको गैंग बना रखा है, इसी गैंग का एक सांसद हाल ही में कोर्ट में भी गया फिर चुनाव आयोग के पास जाकर चल रही भर्तियां को रुकवा दिया।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने दुष्प्रचार किया और झूठ फैलाया कि भाजपा तीसरी बार सत्ता में आई तो वे संविधान बदल देगी, लेकिन भाजपा हमेशा संविधान के अनुरूप चली है और डॉ. भीमराव अंबेडकर के दिखाए रास्ते पर चलकर देश जरूरतमंदों की सेवा की है। इसके विपरीत कांग्रेस ने संविधान और डॉ. भीमराव अंबेडकर का हमेशा अपमान किया। नायब सिंह सैनी ने “शायराना अंदाज“ में हुड्डा पर कटाक्ष किया और कहा कि दिल में कसक है, चेहरे पर नकाब लिए फिरते हैं, जिनके खुद के खाते खराब हैं, हमारे खाते लिए फिरते हैं। सैनी ने कहा कि कांग्रेस और हुड्डा ने प्रदेश की जनता को जमकर लूटा है, गरीबों के घर जलाए हैं और अब बाप-बेटा हिसाब मांगते घूम रहे हैं। लोगों ने मन बना लिया है और 4 अक्टूबर को जब रिजल्ट आएगा तो कांग्रेस का कहीं नामों-निशान नहीं दिखाई देगा, भाजपा तीसरी बार सरकार बना रही है।

लोहारू विधानसभा क्षेत्र की रैली में उमड़ी भीड़ देखकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी फूले नहीं समाए। बड़ी संख्या में उमड़े लोग भारत माता की जय के नारे लगा रहे थे। नायब सिंह सैनी ने कहा कि मैं जिस-जिस विधानसभा में अब तक गया हूं, वहां उमड़ी भीड़, लोगों के उत्साह को देखकर मेरा भी उत्साह बढ़ा। मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि भाजपा लगातार तीसरी बार हरियाणा में सरकार बना रही है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने 10 साल में क्या किया, इसका जवाब देने के लिए कोई तैयार नहीं है। मैंने हुड्डा से पूछा कि युवाओं को खर्ची-पर्ची पर नौकरी देने का क्या मतलब था, किसानों की जमीनें दिल्ली के दामाद को क्यों दी गईं। हुड्डा बताएं कि कितनी फसलें एमएसपी पर खरीदी गईं और कितने किसानों को उनकी फसल का सही मूल्य मिला। किसानों पर गोलियां चलीं, दलितों के घरों में आग लगाई गई, मिर्चपुर और गोहाना कांड के बारे में भी हुड्डा बताएं। जिम्मेदारी मिलने और आचर संहित हटने के तुरंत बाद 7 जून को भाजपा ने 23 लाख परिवारों को 84 लाख हैप्पीकार्ड बांटे, जिससे 1000 किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा की सुविधा मिली। 8 जून को 50 हजार कर्मचारियों की नई भर्तियों की योजना शुरू की और बिना किसी पर्ची या खर्ची युवाओं को नौकरियां दीं। 9 जून को ओबीसी समाज की चौपालों के नवीनीकरण के लिए 118 करोड़ रुपये आवंटित किए। 10 जून को उन लोगों को प्लॉट के कागज और कब्जा दिलवाया, जिन्हें हुड्डा ने सिर्फ कागजों में प्लॉट दिया था। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज हर क्षेत्र में देश सुरक्षित व सशक्त है। विश्व के ताकतवर देश भी भारत की राय से फैसला लेते है। उन्होंने कहा कि रूस और यूक्रेन के युद्ध के दाैरान वहां फंसे भारतीय के छात्र प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की साख के कारण ही सकुशल लौटे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में हमेशा भ्रष्टाचार और आतंकवाद का बोलबाला था। प्रतिदिन बड़े-बड़े शहरों पर आतंकवादी हमले होते थे और अशांति का माहौल था। आज बिना भय व भ्रष्टाचार के हर कार्य पारदर्शिता से होकर देश आगे बढ़ रहा है। गरीब, मजदूर को बिन मांगे हक मिल रहा है। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि भाजपा सरकार ने हर वर्ग की भलाई के लिए कार्य किया है। सम्मेलन को वित मंत्री जेपी दलाल ने भी संबोधित किया। पिछले 10 सालों में भाजपा ने हरियाणा के साथ-साथ लोहारू की तस्वीर को बदला है। सड़कों का जाल बिछा है। लोगों को 24 घंटे बिजली मिल रही है।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा सक्सेना

Most Popular

To Top