
झज्जर, 17 मई (Udaipur Kiran) । ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और परम बलिदान के सम्मान में शनिवार को शहर में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं के अलावा पूर्व सैनिकों, युवाओं व विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग शामिल हुए। यात्रा में लोगों का जोश व उत्साह देखते ही बनता था। लोगों ने हाथों में तिरंगे लेकर भारत माता के जयकारे लगाए।यात्रा में मुख्य तौर पर पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, पार्टी के विधानसभा क्षेत्र संयोजक दिनेश कौशिक, नगर परिषद की चेयरपर्सन सरोज राठी व भाजपा के पूर्व जिलाअध्यक्ष राजपाल जांगड़ा शामिल हुए। दिनेश कौशिक की अगुवाई में वार्ड-19 से शुरू हुई यह तिरंगा यात्रा अनाज मंडी, रेलवे रोड होते हुए पुराना बस स्टैंड चौक में संपन्न हुई। यहां उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता ने आतंकवाद के विरुद्ध भारत के जीरो टॉलरेंस का साफ संदेश पाकिस्तान ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को दिया है। इस समय पूरा देश सेना के शौर्य पर गर्व कर रहा है। अब पाकिस्तान को समझ आ गया है कि भारत की ओर उठी उसकी हर नजर उसके विनाश का कारण बन सकती है।यात्रा के संयोजक दिनेश कौशिक ने कहा कि भारत ने पूरे विश्व में अपना लोहा मनवा दिया है। हमारी तीनों सेनाओं के जवानों ने जिस तरह से पाकिस्तान को जवाब दिया है, पूरे विश्व ने उनके साहस का लोहा माना है। ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारतीय सेना ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया है। यह ऑपरेशन दुनिया को यह संदेश देता है कि भारत आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करेगा और इसे जड़ से उखाड़ फेंकेगा। उन्होंने कहा कि यह तिरंगा यात्रा हमारे वीर सपूतों के सम्मान में एक छोटा सा लेकिन सार्थक प्रयास है। हमें अपनी तीनों सेनाओं पर गर्व है, जो हर परिस्थिति में मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने को तत्पर रहते है।इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष महेश कुमार, मंडल अध्यक्ष सुदेश रंगा, मंडल अध्यक्ष संजय सैनी, मंडल अध्यक्ष पंकज गर्ग और मशहूर लोक गायिका राजबाला बहादुरगढ़ सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / शील भारद्वाज
