
इंदौर, 8 मार्च (Udaipur Kiran) । इंदौर में नगर निगम के टैक्स विवाद के बीच शनिवार की रात प्रसिद्ध सिंगर और रैपर यो यो हनी सिंह का कॉन्सर्ट हुआ। करीब डेढ़ घंटे चले इस कार्यक्रम में उन्होंने 10 गाने गाए। हालांकि, इस कार्यक्रम के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से अनुमति दे दी गई थी। इसके बावजूद कॉन्सर्ट जल्दी समाप्त हो गया। हनी सिंह के कॉन्सर्ट के लिए हजारों लोग यहां पहुंचे थे। उन्होंने डांस भी किया।
हनी सिंह का शो डेढ़ घंटे में खत्म होने को लेकर नगर निगम की डिप्टी कमिश्नर लता अग्रवाल का कहना है कि टैक्स जमा नहीं करने के कारण शो खत्म किया गया, ऐसा नहीं है। इस इवेंट के पौने आठ लाख रुपये टैक्स जमा किए थे। बाकी 50 लाख रुपये नगर निगम को और लेना है। शनिवार को भी नगर निगम की टीम वहां गई थी, लेकिन टैक्स जमा नहीं किया गया है। कार्यक्रम उन्होंने ही बंद किया है। हमारी इसमें कोई भूमिका नहीं है।
गौरतलब है कि नगर निगम ने हनी सिंह के ‘मिलियनेयर इंडिया टूर’ कॉन्सर्ट के आयोजकों को मनोरंजन कर वसूलने का नोटिस दिया था। साथ ही महापौर पुष्य मित्र भार्गव ने पुलिस और प्रशासन को पत्र लिखकर मनोरंजन टैक्स जमा करने के बाद ही अनुमति देने की बात कही थी। इंदौर नगर निगम ने आयोजकों से 50 लाख रुपये के टैक्स की मांग की। नगर निगम ने शनिवार दोपहर को जीएसटी पोर्टल के माध्यम से बताया कि इस कार्यक्रम के लिए तीन करोड़ 28 लाख रुपये से ज्यादा के टिकट बिके हैं। इसलिए इस राशि का 10 प्रतिशत मनोरंजन कर और आमोद कर पहले ही जमा कराएं।
हनी सिंह के कॉन्सर्ट के लिए अलग-अलग रेंज में 2500 रुपये तक के टिकट बिके थे। इस मामले में महापौर पुष्य मित्र भार्गव ने कहा कि आयोजन करने वालों की नीयत में खोट है। उन्होंने आयोजकों को पोस्ट डेटेड चेक देने के लिए कहा था। इस पर उन्होंने कहा था कि वे चेक साथ लेकर नहीं चलते।
(Udaipur Kiran) तोमर
