
नई दिल्ली, 22 मार्च (Udaipur Kiran) । हॉकी इंडिया ने शनिवार को आगामी सीनियर महिला राष्ट्रीय कोचिंग कैंप के लिए 65 सदस्यीय संभावित कोर समूह की घोषणा की। यह कैंप 23 मार्च 2025 से भारतीय खेल प्राधिकरण (साईं), बेंगलुरु में शुरू होगा। इस समूह का चयन हाल ही में पंचकूला में संपन्न हुई 15वीं हॉकी इंडिया सीनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप के प्रदर्शन के आधार पर किया गया है, जहां हॉकी झारखंड ने फाइनल में हॉकी हरियाणा को शूटआउट में हराकर खिताब जीता था।
इस 65 सदस्यीय समूह में 30 खिलाड़ियों को पहले से मौजूद कोर ग्रुप से बरकरार रखा गया है, जबकि अन्य खिलाड़ियों को असम हॉकी, हॉकी चंडीगढ़, हॉकी हिमाचल, साईं, हॉकी बंगाल, यूपी हॉकी, हॉकी झारखंड, हॉकी कर्नाटक, मणिपुर हॉकी, हॉकी पंजाब, केरल हॉकी, एमपी हॉकी, सीआरपीएफ, ओडिशा, सीबीडीटी, हॉकी मिजोरम, हॉकी महाराष्ट्र और हॉकी आंध्र प्रदेश से बुलाया गया है।
भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच हरेंद्र सिंह इस चैंपियनशिप के दौरान खिलाड़ियों का आंकलन करने के लिए मौजूद थे। चयन को लेकर उन्होंने कहा, हमें इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में कुछ बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी देखने को मिलीं। जिन खिलाड़ियों को इस कैंप के लिए बुलाया गया है, उनका चयन उनके प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। यह कैंप हमें यह समझने में मदद करेगा कि इन खिलाड़ियों को अगले स्तर के लिए कैसे तैयार किया जा सकता है। इस 65 सदस्यीय समूह को आगामी FIH हॉकी प्रो लीग के लिए 40 खिलाड़ियों तक सीमित कर दिया जाएगा। 31 मार्च से 19 अप्रैल तक 40 खिलाड़ियों का कैंप चलेगा, लेकिन 23 से 30 मार्च के बीच हम सभी 65 खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर रखेंगे और उनके प्रदर्शन के आधार पर 40 खिलाड़ियों की अंतिम सूची तय की जाएगी।
कोर ग्रुप में बरकरार खिलाड़ी:
सविता, बिछु देवी खरबाम, बंसरी सोलंकी, माधुरी किंडो, महिमा चौधरी, निक्की प्रधान, सुशीला चानू पुखरंबम, उdita, इशिका चौधरी, ज्योति छत्री, ज्योति, अक्षता आबासो ढेकाले, वैश्णवी विट्ठल फाल्के, नेहा, सलीमा टेटे, मनीषा चौहान, अजमीना कुजुर, सुनेलिता टोप्पो, लालरेमसियामी, शर्मिला देवी, बलजीत कौर, दीपिका सोरेंग, नवनीत कौर, संगीता कुमारी, वंदना कटारिया, दीपिका, प्रीति दुबे, ऋतुजा दादासो पिसाल, ड्यूटी डुंगडुंग और मुमताज खान।
नए बुलाए गए खिलाड़ी:
समिक्षा सक्सेना, कोमलप्रीत कौर, महिमा, कीर्ति देशमुख, सपना भेंगरा, अंजलि बड़वा, अंजना डुंगडुंग, मीनू रानी, निरू कुल्लू, कृतिका प्रकाश, सुमन देवी थौदम, सुजाता कुजुर, महिमा टेटे, अल्बेला रानी टोप्पो, पूजा यादव, साक्षी शुक्ला, सिमरन सिंह, नंदिनी, कर्मनप्रीत कौर, अन्नू, चंदना जगदीश, सेलस्टिना होरो, निक्की कुल्लू, कविता, ज्योति, लोटला मैरी, काजल सदाशिव अतपडकर, रजनी बाला, ऐश्वर्या चव्हाण, पिंकी एक्का, दीपिमोनिका टोप्पो, उषा, मंजू चोरसिया, अश्विनी कोलेकर और
हृतिक सिंह।
—————
(Udaipur Kiran) दुबे
