HimachalPradesh

पाठ्यक्रम में शामिल होगा हिमाचल का इतिहास : शिक्षा मंत्री

शिक्षा मंत्री।

धर्मशाला, 16 मई (Udaipur Kiran) । शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में सुधार के लिए सरकार के संकल्प को दोहराया। मंत्री ने बताया कि सरकार शिक्षा को रोजगार उन्मुख बनाने और हिमाचल के इतिहास को पाठ्यक्रम में शामिल करने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के पाठ्यक्रम में भी सुधार किया जाएगा ताकि छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार हर विधानसभा क्षेत्र में डे बोर्डिंग स्कूल खोलने का प्रयास कर रही है। इसके लिए 18 स्कूलों के लिए 153 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया गया है। कांगड़ा जिले में आर्ट स्कूल भी बनाए जा रहे हैं।

शिक्षा मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि शिक्षा विभाग के खाली पड़े भवनों को युवक मंडलों, महिला मंडलों या अन्य सरकारी विभागों को उनकी आवश्यकतानुसार दिया जा रहा है।

हिमाचल प्रदेश में नकारात्मक जनसंख्या वृद्धि के कारण सरकारी स्कूलों में छात्रों की संख्या में गिरावट पर चिंता व्यक्त करते हुए, मंत्री ठाकुर ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए सरकार के प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कम छात्र संख्या वाले लड़कियों और लड़कों के स्कूलों को मर्ज करने सहित अन्य सुधार उपाय किए जा रहे हैं।

स्कूल शिक्षा बोर्ड को जल्द मिलेगा नया अध्यक्ष

शिक्षा मंत्री ने यह भी घोषणा की कि हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड का गठन कर लिया गया है और मुख्यमंत्री जल्द ही अध्यक्ष की नियुक्ति पर निर्णय लेंगे।

(Udaipur Kiran) / सतिंदर धलारिया

Most Popular

To Top