Haryana

हिसार: घबराई भाजपा कर रही विपक्षी नेताओं के खिलाफ सरकारी जांच एजेंसियों का दुरुपयोग : दीपेंद्र हुड्डा

जनसभा को संबोधित करते सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा।

ईडी, सीबीआई जैसी केंद्रीय जांच एजेंसियां भाजपा के प्रकोष्ठ की तरह काम करना बंद करें

‘हरियाणा मांगे हिसाब अभियान’ से भाजपा को आया पसीना, मुख्यमंत्री ने शुरू की घोषणाएं

हिसार, 20 जुलाई (Udaipur Kiran) । कांग्रेस सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि ‘हरियाणा मांगे हिसाब अभियान’ के सवालों से घबराई भाजपा विपक्षी नेताओं के खिलाफ सरकारी जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। भाजपा सरकार ईडी, सीबीआई का इस्तेमाल करने की बजाय जनता के सवालों का जवाब दें। उन्होंने चेताया कि ईडी व सीबीआई जैसी केंद्रीय जांच एजेंसियां भाजपा के प्रकोष्ठ की तरह काम करना बंद करें।

दीपेन्द्र हुड्डा शनिवार को नारनौंद विधानसभा क्षेत्र के नारनौंद अनाज मंडी से खांडा मोड़ तक की गई पदयात्रा में क्षेत्रवासियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज पूरे प्रदेश में कांग्रेस की लहर है और कांग्रेस पार्टी ने ‘हरियाणा मांगे हिसाब अभियान’ के जरिए भाजपपा सरकार के कुशासन के खिलाफ 15 सवालों के जवाब मांगे लेकिन भाजपा ने एक भी सवाल का जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि 10 साल में भाजपा सरकार ने हरियाणा को विकास और खुशहाली की पटरी से उतार दिया। आज हर वर्ग इस सरकार से दुखी है। पूरे प्रदेश के हर हलके में बीजेपी को लेकर जनसैलाब उमड़ रहा है, जो भाजपा सरकार के खिलाफ जनता के रोष का प्रतीक है।

दीपेन्द्र हुड्डा ने प्रदेश की भाजपा सरकार से सवाल किया कि हरियाणा में देश की सबसे ज्यादा बेरोजगारी दर क्यों है, भाजपा को इस बात का हिसाब देना होगा कि नारनौंद शहर में और नहर में पानी क्यों नहीं आ रहा, सरकारी भर्ती क्यों खत्म कर दी? हरियाणा की बेटियों के साथ अन्याय क्यों हुआ? देश में सबसे ज्यादा अपराध हरियाणा में क्यों है। नशे में हरियाणा पंजाब को पीछे छोड़कर नंबर 1 क्यों बना। इस सरकार ने गरीबों की सारी योजनाओं को क्यों बंद कर दिया? हर वर्ग को सड़क पर आने को मजबूर क्यों किया। बीजेपी सरकार ने हर वर्ग की अनसुनी की, 10 साल तक किसान, मजदूर, युवा, महिला, खिलाड़ी, कर्मचारी, व्यापारी, सरपंच, आँगनवाडी, आशा वर्कर समेत हर वर्ग के साथ अन्याय हुआ।

इन लोगों ने जब न्याय मांगा तो सरकार ने उन पर लाठियां बरसाई। उन्होंने उन्होंने भाजपा सरकार में एक के बाद एक हजारों करोड़ के घोटालों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा-जजपा ने भ्रष्टाचार और घोटाले करने का समझौता करके लोगों के साथ विश्वासघात करके सरकार बनाई और प्रदेश को मिलकर लूटा। अब चुनाव के ठीक पहले समझौता तोड़कर भाजपा कह रही है दुष्यंत चौटाला के घोटालों की जांच कराएंगे और जजपा कह रही है कि भाजपा के घोटालों के राज बताएंगे लेकिन सच्चाई ये है कि दोनों मिलकर हरियाणा को लूट गए। पदयात्रा में सांसद जयप्रकाश ‘जेपी’, एआईसीसी के सचिव प्रदीप नरवाल, महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई, कांग्रेस के फ्रंटल संगठनों, प्रकोष्ठों के पदाधिकारी पार्टी के स्थानीय वरिष्ठ नेता, बड़ी संख्या में स्थानीय लोग व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

(Udaipur Kiran) / राजेश्वर / SANJEEV SHARMA

Most Popular

To Top