


जिला कार्यालय में नवनिर्वाचित विधायकों का किया गया सम्मान
रणबीर गंगवा, विनोद भ्याणा व रणधीर पनिहार को किया गया सम्मानित
हिसार, 20 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । प्रदेश में तीसरी बार भारी बहुमत से सरकार बनने उपरांत भाजपा जिला कार्यालय में जिले की विभिन्न विधानसभा सीटों से चुनाव जीतने वाले नवनियुक्त विधायकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। रविवार को हुर्ए इस कार्यक्रम में बरवाला से नवनिर्वाचित विधायक एवं कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, हांसी से विधायक विनोद भ्याणा व नलवा से रणधीर पनिहार का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष अशोक सैनी ने कहा कि हर कार्यकर्ता के लिए गर्व व हर्ष का विषय है कि प्रदेश की जनता ने तीसरी बार भाजपा को जनादेश दिया है। देश व प्रदेश की जनता भाजपा सरकारों की नीतियों व कार्यक्रमों से खुश है और इसका प्रमाण जनता ने पहले केन्द्र में और अब हरियाणा में तीसरी बार सरकार बनाकर दिया है। उन्होेंने कहा कि तीसरी बार सरकार बनने के बाद पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की जिम्मेवारी और बढ़ जाती है और वे पहले से दोगुनी ताकत के साथ पार्टी की नीतियों व योजनाओं का प्रचार-प्रसार करें ताकि हर पात्र को इनका लाभ मिल सकें।
सम्मान समारोह में कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि उनकी व अन्य साथी विधायकों की जीत पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत व जनता के सहयोग का परिणाम हैं। वे पार्टी की नीतियों पर चलते हुए कार्यकर्ता व मंत्री के तौर पर हर पात्र को योजनाओं व नीतियों का लाभ दिलवाने का पूरा प्रयास करेंगे। हांसी के विधायक विनोद भयाणा ने कहा कि जनता ने तीसरी बार जनादेश देकर हमारी जिम्मेवारी और बढ़ाई है। हमें जनता की आशाओं व पार्टी की नीतियों पर खरा उतरने का प्रयास करना है।
नलवा के विधायक रणधीर पनिहार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकारों की जनकल्याणकारी नीतियों के चलते उन्हें जीत मिली है। वे भाजपा के अंत्योदय के सिद्धांत के तहत हर पात्र को उसका लाभ दिलवाने व सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जनता तक पहुंचाने का पूरा प्रयास करेंगे।
भाजपा विधानसभा चुनाव मीडिया इंचार्ज राजेन्द्र सपड़ा ने बताया कि कार्यक्रम में तीनों नवनिर्वाचित विधायकों व वरिष्ठ नेताओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, अनूप धानक, पूर्व सांसद डॉ. डीपी वत्स, जिला परिषद चेयरमैन सोनू डाटा, माटी कला बोर्ड के चेयरमैन ईश्वर मालवाल, वरिष्ठ नेता श्रीनिवास गोयल ने भी आए हुए पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उपरोक्त के अलावा कार्यक्रम में जिला महामंत्री आशीष जोशी, जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट धर्मबीर रतेरिया, संजीव रेवड़ी, रणधीर धीरू, राजेन्द्र सपड़ा, सरोज सिहाग, रतन सैनी, प्रवीण सैनी, रविन्द्र रॉकी व मनदीप मलिक, सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
(Udaipur Kiran) / राजेश्वर
