Haryana

हिसार: भाजपा शासन में न्याय के लिए जनता धरने, प्रदर्शन व हड़ताल को मजबूर : लाल बहादुर खोवाल

एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल।

व्यापारियों की हड़ताल के बाद अब डॉक्टर व कंप्यूटर ऑपरेटर हड़ताल पर

हिसार, 16 जुलाई (Udaipur Kiran) । हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने कहा है कि भाजपा के दस साल के शासनकाल में हर वर्ग को प्रताड़ित किया गया है। पहले खिलाडिय़ों, किसानों, सरपंचों व कर्मचारियों ने कई महीनों तक धरने व प्रदर्शन करके न्याय की मांग की। इसके बाद प्रताडि़त व्यापारियों ने धरना, प्रदर्शन व प्रतिष्ठान बंद करके न्याय की गुहार लगाई और अब चिकित्सक व कंप्यूटर ऑपरेटर अपनी मांगों के समर्थन में हड़ताल पर हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को हड़ताल की सरकार कहा जाए तो कुछ गलत नहीं होगा।

एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने मंगलवार को कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों से गरीब, मजदूर, किसान, शोषित व पिछड़ा वर्ग सहित हर वर्ग परेशान है। प्रताडऩा की पराकाष्ठा होने पर जनता मजबूरीवश सडक़ पर उतर रही है लेकिन भाजपा सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। उन्होंने कहा कि एक तरफ जनता की सुनवाई नहीं होती और दूसरी तरफ ईडी की रेड डलवाकर व्यापारियों व उद्यमियों पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दरअसल जो भी व्यक्ति या संस्थान सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है, सरकारी तंत्र का इस्तेमाल करके भाजपा उसकी आवाज को दबा देती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का जनाधार लगातार खिसक रहा है और जनता अब आने वाले हरियाणा विधानसभा में सरकार को बदलने का मन बना चुकी है। इसलिए भाजपा अब बौखलाई हुई है। जनता ने हरियाणा लोकसभा चुनाव में पांच सीटों पर भाजपा को पटखनी देकर उसे सबक सिखाने का काम किया है। अब हरियाणा विधानसभा में जनता भाजपा का सूपड़ा साफ कर देगी और कांग्रेस स्पष्ट बहुमत से सरकार बनाएगी।

(Udaipur Kiran) / राजेश्वर / SANJEEV SHARMA

Most Popular

To Top