
हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ ने बैठक करके किया ऐलान
अंबाला में 15 के प्रदर्शन व 20 की राष्ट्रव्यापी हड़ताल में भाग लेंगे रोडवेज
कर्मचारी
हिसार, 12 मई (Udaipur Kiran) । हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ ने 15 मई को अंबाला
में प्रदर्शन एवं 20 मई की राष्ट्रव्यापी हड़ताल को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का ऐलान
किया है। संगठन का कहना है कि सभी कर्मचारी पूरे जोश के साथ प्रदर्शन व हड़ताल में
भागीदारी करेंगे।
इस संबंध में हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ की हिसार डिपो की बैठक साेमवार काे संगठन
कार्यालय में हुई। डिपो प्रधान अजय दुहन की अध्यक्षता व सचिव सलीम सरसौद के संचालन
में हुई बैठक में राज्य के वरिष्ठ सेवानिवृत नेता सुभाष ढिल्लो विशेष रूप से उपस्थित
रहे। बैठक में कहा गया कि सरकार को सांझा मोर्चा
के साथ बैठक करके कर्मचारियों की समस्याओ का निदान करना होगा।
बैठक को संबोधित करत हुए राज्य उप महासचिव जोगिंदर सिंह पंघाल एवं डिपो प्रधान
अजय दुहन ने बताया कि आने वाली 15 मई को अंबाला में जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। इसके
अलावा 20 मई की राष्ट्रव्यापी हड़ताल की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। दोनों कार्यक्रमों
में सभी कर्मचारी पूरे जोश के साथ भागीदारी करेंगे। अजय दुहन ने बताया कि कुछ समय से उनकी निजी समस्याओं के चलते वे प्रधान पद
की जिम्मेवारी का निर्वहन पहले की भांति नहीं कर सकते। बैठक में मौजूद डिपो कमेटी के
सभी मुख्य पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अजय दुहन की परिस्थितियों को देखते हुए
सर्वसम्मति से जोगिन्द्र सिंह पंघाल को डिपो प्रधान जिम्मेदारी सौंपी जबकि कार्यकारी
प्रधान की जिम्मेदारी अजय दुहन को दी गयी। प्रधान पद के अलावा अन्य पदों पर कोई भी
तब्दीली नहीं की गई और पहले जो भी पदाधिकारी जिस पद पर थे वो पहले की भांति ज्यों की
त्यों बने रहेंगे। जोगेन्द्र पंघाल और अजय दुहन ने संयुक्त रूप से कर्मचारियों की समस्याओं
के लिए प्रत्येक कर्मचारी की समस्या का निदान करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर राज्य के मुख्य पदाधिकारी दर्शन जांगड़ा, सुरेश मलिक, हनुमान जांगड़ा,
नागेंद्र जांगड़ा, रमेश सोथा, नरेंद्र सोथा, कृष्ण सैनी, संदीप सैनी, मनोज वर्मा, सुदर्शन
कुंडू, संजीत ख्यालिया मौजूद थे।
(Udaipur Kiran) / राजेश्वर
