
आम सभा की बैठक में डॉ. अशोक गोदारा ने दिया अपने कार्यकाल में करवाए कार्यों का ब्यौराएचएयू के शिक्षक संघ के इतिहास में सर्वसम्मति से प्रधान बनने वाले डॉ. अशोक गोदारा पहले प्रधानहिसार, 17 मई (Udaipur Kiran) । हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (हौटा) के प्रधान डॉ. अशोक गोदारा को दो वर्ष के लिए फिर से प्रधान चुन लिया गया है। हौटा की आम सभा की बैठक में शिक्षकों ने सर्वसम्मति से डॉ. अशोक गोदारा को फिर से प्रधान चुनते हुए उन्हें कार्यकारिणी गठन का अधिकार दिया। खास बात यह है कि एचएयू शिक्षक संघ के इतिहास में पहली बार शिक्षक संघ के प्रधान का सर्वसम्मति से चुनाव हुआ है, जिसमें डॉ. अशोक गोदारा को प्रधान चुना गया है।इससे पहले शनिवार को हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (हौटा) की आम सभा की बैठक हुई जिसमें सचिव डॉ. सोमबीर ने सभी का स्वागत किया। डॉ. अशोक कुमार गोदारा ने हौटा के अपने कार्यकाल की उपलब्धियों के बारे में आम सभा को बताया। उन्होंने सातवें वेतन आयोग के एरियर का बकाया भुगतान, पिछले दो साल के दौरान विश्वविद्यालय में 83 नए वैज्ञानिकों की नियुक्ति तथा 169 शिक्षकों की पदोन्नति बारे जानकारी दी और कहा कि 15 शिक्षकों की पदोन्नति के लिए साक्षात्कार जारी है। इसके बाद अशोक कुमार गोदारा ने अगले चुनाव की तारीख के बारे में विचार विमर्श के लिए सभी को अधिकृत किया। आम सभा बैठक में हौटा के पूर्व प्रधान डॉ. प्रदीप चहल ने डॉ. अशोक कुमार गोदारा के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें दूसरे कार्यकाल के लिए भी बिना चुनाव करवाए प्रधान पद पर बने रहने का प्रस्ताव रखा। पिछली बार के प्रत्याशी डॉ. राकेश सहरावत ने भी डॉ. अशोक कुमार गोदारा को प्रधान चुने जाने के प्रस्ताव का अनुमोदन किया। पूर्व हौटा प्रधान करमल मलिक ने भी डॉ. अशोक कुमार गोदारा को अगले कार्यकाल के लिए भी बिना चुनाव करवाए प्रधान पद पर बने रहने की बात का समर्थन किया। इसके अतिरिक्त डॉ. ओमेंद्र सांगवान, डॉ. बलजीत सहारण, डॉ. अनिल सरोहा, डॉ. राजेश आर्य, डॉ. रामप्रकाश व डॉ. जितेंद्र भाटिया ने भी डॉ. अशोक कुमार गोदारा को दोबारा प्रधान बनाए जाने पर सहमति जताई।आम सभा में शिक्षकों की रायसुमारी व सबके विचार रखने के बाद वर्तमान प्रधान डॉ. अशोक कुमार गोदारा को बिना चुनाव करवाए प्रधान पद पर बने रहने के निर्णय पर सहमति जताई गई। आम सभा ने डॉ. अशोक गोदारा को नई कार्यकारिणी का गठन करने के लिए भी अधिकृत किया। डॉ. अशोक कुमार गोदारा ने शिक्षकों द्वारा उन पर दोबारा विश्वास जताने के लिए सभी का आभार जताया और कहा कि वे सबको साथ लेकर विश्वविद्यालय, शिक्षकों व किसानों के हित के लिए कार्य को प्राथमिकता देंगे।
(Udaipur Kiran) / राजेश्वर
