Haryana

हिसार : पूरे विश्व में भारत की सभ्यता सबसे प्राचीन : गजेन्द्र शेखावत

प्रदर्शनी में रखा सामान देखते केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी।

हिसार, 19 मई (Udaipur Kiran) । केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि राखीगढ़ी में 1960 के बाद विभिन्न चरणों में हुई खुदाई के दौरान जो अवशेष मिले हैं, उनसे प्रामाणिक रूप से सिद्ध हो जाता है कि लगभग 8000 वर्ष पूर्व यहां मानव सभ्यता विकसित रूप में निवास कर रही थी। यहां खुदाई में मिले सभ्यता और सभ्यता के विकास के पुख्ता प्रमाण बताते हैं कि पूरे विश्व में भारत की सभ्यता सबसे प्राचीन है। केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र शेखावत सोमवार को जिले के गांव राखी गढ़ी में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार ने राखीगढ़ी को प्रमुख पर्यटन केंद्र और पुरातात्विक अध्ययन एवं इतिहासकारों के शोध के लिए विकसित करने की दिशा में सराहनीय कार्य किया है। इसे विभिन्न चरणों में पूरा किया जाना है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार ने यहां पर जो भी कार्य किया है उसकी योजना और गुणवत्ता बेहद उत्तम है। इसके अलावा, हिसार की ही एक अन्य पुरातात्विक साइट अग्रोहा में अभी भी उत्खनन चल रहा है। इन जैसे सभी स्थलों को एकीकृत करके यहां सिंधु सरस्वती की सभ्यता का केंद्र बनाने पर भी विस्तारपूर्वक चर्चा हुई है और सभी योजनाओं को आगामी दो साल में पूरा कर लिया जाएगा। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र ने इससे पहले, पुरातात्विक स्थलों का दौरा किया।

(Udaipur Kiran) / राजेश्वर

Most Popular

To Top