Haryana

हिसार: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में लगेगी हरियाणा में भाजपा की हैट्रिक : डा. सतीश पूनिया

नामांकन करते रणबीर गंगवा व साथ उपस्थित डॉ. सतीश पूनिया, कुलदीप बिश्नोई व अन्य।

डा. सतीश पूनिया ने बरवाला से भाजपा प्रत्याशी रणबीर गंगवा का नामांकन भरवाया

हिसार, 11 सितंबर (Udaipur Kiran) । भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया कहा है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में भाजपा की हैट्रिक लगेगी। उन्होंने कांग्रेस पर बरसते हुए कहा कि गुटों में बंटी कांग्रेस केवल झूठ बोलकर सत्ता हासिल करने का प्रयास कर रही है।

डॉ. सतीश पूनिया बुधवार को बरवाला से भाजपा प्रत्याशी रणबीर गंगवा के नामांकन अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी गंगवा की तारीफ करते हुए कहा कि वे भाजपा के समर्पित नेता हैं, इसलिए पार्टी ने उन्हें बरवाला से प्रत्याशी बनाया है। डा. पूनिया ने कहा कि कांग्रेस गुटों में बंटी हुई पार्टी है। कांग्रेस का ना कोई ठोर ठिकाना है और ना ही कांग्रेस के पास देश और प्रदेश के विकास की नीति है। कांग्रेस का मकसद झूठ बोलकर किसी भी तरह से सत्ता हासिल करना है।

डा. सतीश पूनिया ने कहा कि कांग्रेस झूठ का एजेंडा चला रही है। कांग्रेस शासन को हरियाणा के लोग भूले नहीं है। कांग्रेस के समय किस तरह से भ्रष्टाचार था यह सभी को मालूम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में युवाओं को योग्यता के आधार पर नहीं, बल्कि पर्ची और खर्ची से नौकरियां मिलती थी। भाजपा ने 2014 में व्यवस्था परिवर्तन लागू कर हरियाणा में सुशासन स्थापित किया। आज बिना पर्ची और बिना खर्ची के युवाओं को रोजगार मिल रहा है। हरियाणा के लोगों को घर बैठे सभी सुविधाएं मिल रही हैं।

भाजपा प्रत्याशी रणबीर गंगवा ने अपने नामांकन पर आए प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया और वरिष्ठ नेता कुलदीप बिश्नोई का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुझे बरवाला विधानसभा में कमल खिलाने की जिम्मेदारी शीर्ष नेतृत्व ने दी है। कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद से यहां कमल खिलेगा और तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। इस मौके पर उन्होंने कुलदीप बिश्नोई की भी जमकर तारीफ की और कहा कि कुलदीप बिश्नोई के व्यक्तित्व का काफी प्रभाव है। इस मौके पर जिला अध्यक्ष अशोक सैनी और नलवा से भाजपा प्रत्याशी रणधीर पनिहार भी मौजूद रहे।

(Udaipur Kiran) / राजेश्वर

Most Popular

To Top