
प्रयागराज, 30 मार्च (Udaipur Kiran) । प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विश्व हिन्दू परिषद धर्म यात्रा महासंघ के प्रमुख कार्यकर्ताओं ने प्रदेश महामंत्री पूर्व पार्षद पवन श्रीवास्तव के नेतृत्व में सिविल लाइंस के ऐतिहासिक सुभाष चौराहे पर घंटा घड़ियाल बजाकर आतिशबाजी करते हुए लोगों के मस्तक पर तिलक लगाकर, मिष्ठान खिलाकर तुलसी पौध भेंट कर हिन्दू नव संवत्सर का स्वागत किया।
हिन्दू नववर्ष के पावन दिवस के अवसर पर प्रदेश महामंत्री पवन श्रीवास्तव ने उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं जनमानस को सम्बोधित करते हुए चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को हिन्दू नववर्ष बताते हुए आज के दिन की भारतीय संस्कृति की कई उपलब्धियों से भी परिचय कराया। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में आज ही के दिन भगवान ब्रह्माजी द्वारा सृष्टि की रचना, राजा विक्रमादित्य द्वारा विक्रम सम्वत का आरम्भ, मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का राज्याभिषेक, सिख समाज के द्वितीय गुरु अंगद देव का जन्म, महर्षि दयानंद द्वारा आर्य समाज की स्थापना, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक पूज्य बलिराम हेडगेवार का जन्म, वरुण अवतार पूज्य झूलेलाल का जन्म तथा मां दुर्गा के उपासना का महत्वपूर्ण दिन बताया।
उन्होंने आज के दिन को वैज्ञानिक एवं शास्त्रशुद्ध बताते हुए सम्पूर्ण विश्व में भारतीय संस्कृति के शीर्ष पर रहने एवं प्रचार लहराने का पवन दिन बताया और हिन्दू समाज को हिन्दू नव वर्ष की बधाई भी दी। इस अवसर पर तीर्थ पुरोहित महासंघ के प्रदेश महामंत्री अमित आलोक पांडे, पार्षद नीरज गुप्ता, गौरी आहूजा, आलोक श्रीवास्तव, शैलेंद्र श्रीवास्तव, विनोद सोनकर, जगदीश प्रसाद, संदीप चौहान, बरखा, प्रकाश, शिबू श्रीवास्तव, मोनू पांडे, रिशु गुप्ता, संजय मिश्रा, अंशु चौहान सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र
