HimachalPradesh

हिमाचल भाजपा को मिला राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े का मार्गदर्शन

शिमला, 18 अक्टूबर (Udaipur Kiran) भाजपा राष्ट्रीय नेतृत्व ने सदस्यता अभियान के निमित्त प्रदेश भाजपा की बैठक का आयोजन किया जिसमें राष्ट्रीय महामंत्री और सदस्यता अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी विनोद तावड़े, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन, और प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन उपस्थित रहे। बैठक का विषय सक्रिय सदस्यता अभियान 2024 रहा।

विनोद तावड़े ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में सदस्यता अभियान को तेज गति से चलाने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष की ओर से सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं एवं बधाई दी गई।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर इस अभियान में अच्छा कार्य करने वाले राज्यों में हिमाचल प्रदेश का नाम भी शामिल हो गया है, जो प्रदेश अध्यक्ष के कुशल नेतृत्व और प्रदेश के नेताओं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में 12.50 लाख प्राथमिक सदस्यों का बनना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह अभियान 30 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें सक्रिय और प्राथमिक दोनों सदस्यों का निर्माण किया जाएगा।

तावड़े ने कहा कि भारत में पार्टी के 9.40 करोड़ से अधिक सदस्य बन चुके हैं और यह अभियान 2 सितंबर से राष्ट्रीय स्तर पर शुरू हुआ था। उन्होंने बताया कि कांगड़ा संसदीय क्षेत्र 3.29 लाख सदस्यों के साथ प्रथम स्थान पर है, जबकि मंडी 2.94 लाख सदस्यों के साथ दूसरे स्थान पर है। विधानसभा की दृष्टि से सुलह, गगरेट, सुंदरनगर, सेराज और कांगड़ा अग्रिम भूमिका में हैं।

बैठक में लोकसभा एवं राज्यसभा सांसद, सदस्यता अभियान की प्रदेश टोली, सक्रिय सदस्यता अभियान की प्रदेश टोली, प्रदेश पदाधिकारी, 2022 और 2024 के विधायक एवं प्रत्याशी, संसदीय क्षेत्र के पूर्णकालिक विस्तारक, जिलाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और सभी मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) शुक्ला

Most Popular

To Top