RAJASTHAN

हेरिटेज निगम चेयरमैन ने अधिकारियों के खिलाफ खोला मोर्चा,लगाया फिजूलखर्ची का आरोप

जयपुर नगर निगम हेरिटेज

जयपुर, 21 अप्रैल (Udaipur Kiran) । नगर निगम में संचालन समितियां के गठन के साथ ही विवाद शुरू हो गया है। सोमवार को नगर निगम के लाइट समिति चेयरमैन उत्तम शर्मा ने निगम अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम के अधिकारी खुद को तानाशाह समझ रहे हैं। मुख्यालय के एक्सईएन और एईएन दोनों न सिर्फ आम जनता के पैसों की फिजूल खर्ची कर रहे हैं। बल्कि, जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों का भी अपमान कर रहे है। जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

दरअसल, जयपुर नगर निगम हेरिटेज के लाइट समिति चेयरमैन उत्तम शर्मा जनता की समस्याओं को लेकर सोमवार को एईएन भरत मीणा से मिलने पहुंचे थे। जहां भरत मीना उनके कक्ष में मौजूद नहीं थे। लेकिन उनके कक्ष का एसी, पंखा और लाइट सुबह से ही चालू थे। लगभग 1 घंटा इंतजार करने के बाद भी जब भरत मीणा मौके पर नहीं पहुंचे। तब लाइट समिति चेयरमैन उत्तम शर्मा ने उनसे जनता के मुद्दों पर बात करनी चाही। भरत मीणा ने शर्मा से ही बदतमीजी कर फोन पर ही अभद्रता करना शुरू कर दिया।

लाइट समिति चेयरमैन उत्तम शर्मा ने कहा कि सिर्फ भरत मीणा ही नहीं, बल्कि, मुख्यालय के एक्सईएन योगेश कुमावत के कमरे का भी यहीं हाल है। कुमावत भी अपने कक्ष में नहीं थे। वहां भी एसी, लाइट पंखे सुबह से चालू थे। इससे जनता के पैसों की बर्बादी हो रही है। इसे मैं किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करूंगा। मेरा पहला कर्तव्य न सिर्फ जयपुर को जगमग और रोशन बनाना है। बल्कि, बिजली की छीजत और फिजूल खर्ची को रोकना भी मेरी प्राथमिकता है। शर्मा ने कहा कि में इन दोनों लापरवाह अधिकारियों की मैं नगर निगम कमिश्नर, मेयर और मंत्री से भी शिकायत करूंगा। ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही कोई और अधिकारी नहीं करें।

—————

(Udaipur Kiran) / राजेश

Most Popular

To Top