
कानपुर, 07 दिसंबर (Udaipur Kiran) । आम जनमानस को सहूलियत देने के उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी तहसील दिवस पर तहसील के बाहर हेल्प डेस्क लगा रही है। इसी कड़ी में शनिवार को कानपुर के सदर तहसील में भी कांग्रेसियों ने हेल्प डेस्क लगाया। इस दौरान पीड़ितों ने अपनी बात उनके सामने रखी और कांग्रेसियों ने उन्हे आश्वासन दिया कि उनका काम कराया जाएगा। इसके लिए प्रशासन और शासन में पत्राचार किया जाएगा। इसके साथ अधिकारियों से भी वार्ता कर संबंधित मामलों में फीडबैक लिया जाएगा।
जनता की समस्याओं के निस्तारण के लिए तहसील दिवस लगाया जाता है, मगर तहसील दिवस में अधिकारी सिर्फ खानापूर्ति करते है और पीड़ितों को न्याय देने के नाम पर विभागों के चक्कर लगवाए जाते है। यह आरोप कांग्रेस कमेटी द्वारा लगाया गया है साथ ही कांग्रेस कमेटी ने जनता को समय पर न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस का हाथ, आम आदमी के साथ मुहिम को जिला समिति द्वारा तहसील दिवस पर कांग्रेस दिलाएगी न्याय के तहत कांग्रेस हेल्प डेस्क की शुरुआत की है। फूलबाग में लगी कांग्रेस हेल्प डेस्क में कांग्रेस शहर अध्यक्ष नौशाद आलम मंसूरी ने बताया कि कांग्रेस का सोशल आउट रिच विभाग द्वारा पूरे उत्तर प्रदेश की जिलों में तहसील दिवस के बाहर कांग्रेस दिलाएगी न्याय शिविर लगाया है। प्रदेश चेयमैन विक्रम पांडेय कानपुर मंडल की जिला इकाई के साथ शिविर में आए हैं। शिविर में पीड़ितों को न्याय दिलाने के साथ किस विभाग में किस अधिकारी से समस्या का निस्तारण होगा उसकी जानकारी देना है। विक्रम पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य है कि आम जनमानस की समस्याओं का ससमय निस्तारण हो और अधिकारियों की चौखट पर उन्हे चक्कर न काटना पड़े।
—————
(Udaipur Kiran) / अजय सिंह
