Haryana

हरियाणा में स्वास्थ्य व्यवस्था चरमराई, डॉक्टर एवं एनएचएम कर्मी हड़ताल पर गए

– प्रदेश के अस्पतालाें में दूसरे दिन भी परेशान हुए मरीज

चंडीगढ़, 26 जुलाई (Udaipur Kiran) । हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में जहां लगातार दूसरे दिन डॉक्टरों की हड़ताल जारी रही वहीं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्य करने वाले कर्मचारी भी चार दिन के लिए हड़ताल पर चले गए हैं। इस कारण प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह से चरमरा गई हैं। गुरुवार देर रात तक बैठकों में डॉक्टरों की मांगों का कोई समाधान नहीं निकलने पर शुक्रवार को सरकार भी इस मामले में शांत होकर बैठ गई। करीब 3000 डॉक्टरों की हड़ताल के कारण मरीजों को इलाज जैसी महत्वपूर्ण सुविधा नहीं मिल रही है, वहीं एनएचएम के 13000 कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से शेष कामकाज भी प्रभावित हो गया है। अभी तक सरकार की तरफ से हड़ताल को खुलवाने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है। इसके चलते हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं।

गुरुवार देर रात तक डॉक्टरों की विभाग के एसीएस के साथ भी बैठक हुई लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इस बीच शुक्रवार को एनएचएम कर्मचारियों भी बिगुल फूंक दिया। एनएचएम के प्रदेश महासचिव हरि राज ने बताया कि एनएचएम कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ हड़ताल का ऐलान किया है। यह हड़ताल चार दिन तक जारी रहेगी। अगर इस बीच मांगों का सही और सटीक हल नहीं निकला तो राज्य कार्यकारिणी की बैठक बुलाकर आंदोलन को तेज कर दिया जाएगा।

हरि राज ने बताया कि पिछले कुछ लंबे समय से एनएचएम कर्मचारी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। इसे लेकर मुख्यमंत्री के करनाल आवास का घेराव भी कर चुके हैं। इसके बाद उनकी मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर से बातचीत हुई। उन्होंने मांगों को लेकर ड्राफ्ट तैयार करने के बारे में बोला था। मगर इसी बीच एसीएस सुधीर राजपाल से बातचीत हुई जिन्होंने 25 जुलाई को मांगों पर बातचीत के लिए एमडी एनएचएम से मिलने की बात कही थी। मगर वहां भी मांगों का हल नहीं निकला। इसके चलते सभी कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) शर्मा / प्रभात मिश्रा

Most Popular

To Top