Haryana

डाॅक्टरों की हड़ताल से हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाएं ठप, कई जगह नहीं हो सके पोस्टमार्टम

प्रदेश के डेढ़ सौ से अधिक अस्पतालों में नहीं चली ओपीडी

चंडीगढ़, 25 जुलाई (Udaipur Kiran) । हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में गुरुवार काे स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से ठप रहीं। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन (एचसीएमएस) के आह्वान पर डाॅक्टरों ने ओपीडी व इमरजेंसी सेवाएं छोडक़र आज हड़ताल रखी। डाॅक्टराें की हड़ताल के चलते पूरे प्रदेश में तमाम मरीज दिनभर परेशान हुए। वहीं चंडीगढ़ में बैठकों का दौर चलता रहा।

राज्य के डेढ़ सौ से अधिक अस्पतालों में गुरुवार को दिनभर हड़ताल रही। ओपीडी में आने वाले मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रदेश के कई जिलों में तो पोस्टमार्टम भी नहीं किए गए। सरकारी अस्पतालों में गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी की सुविधा भी बंद है। इस वजह से मरीजों को अस्पतालों में आकर भटकना पड़ रहा है। सरकार ने हालात बिगड़ते देख मेडिकल कॉलेज से डॉक्टरों को मरीजों के इलाज के लिए बुलाया है।

एसोसिएशन के प्रधान डॉ. राजेश ख्यालिया ने कहा कि कई मांगों पर सहमति बन चुकी है, लेकिन सरकार ने एक भी वादा पूरा नहीं किया। मजबूरी में हड़ताल करनी पड़ी है। हड़ताल के चलते रेवाड़ी में पोस्टमॉर्टम नहीं हो सका। जिसकी वजह से शव को रोहतक पीजीआई में भेज दिया गया है।

अंबाला, पानीपत में मरीजों को वापस लौटना पड़ा। सोनीपत के सिविल अस्पताल में भी मरीजों की ऐसी ही स्थिति रही। पानीपत सिविल अस्पताल में सीएमओ ने खुद मरीजों को देखा। भिवानी सिविल सर्जन डॉ. रघुवीर शांडिल्य ने वैकल्पिक प्रबंध किए जाने का दावा किया लेकिन यहां से भी मरीज की परेशानी की सूचना है। रेवाड़ी की ही तरह फतेहाबाद में भी शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया। प्रदेश के अधिकतर जिलों में आज पूरा दिन स्वास्थ्य सेवाएं ठप रही।

(Udaipur Kiran) शर्मा कुमार सक्सैना

Most Popular

To Top