Uttar Pradesh

महंत नृत्य गोपालदास के स्वास्थ्य में सुधार, मेदांता से हुए डिस्चार्ज

महंत नृत्य गोपाल दास

लखनऊ, 11 सितम्बर (Udaipur Kiran) । मेदांता अस्पताल लखनऊ में भर्ती मणिराम दास छावनी अयोध्या के महंत नृत्य गोपाल दास की सेहत में सुधार है। वह चार दिनों से मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें यूरिनरी इंफेक्शन, सेप्टीसीमिया के खतरे के अलावा मुंह के रास्ते कम आहार लेने की समस्या थी। उन्हें बेहोश के दौरे आ रहे थे। इस दौरान वह तीन दिन आईसीयू में भी भर्ती रहे। बुधवार को उन्हें मेदांता अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।

महंत नृत्य गोपालदास को 8 सितम्बर की शाम 6:30 बजे मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें मूत्र मार्ग (यूरिन ट्रैक) में संक्रमण की समस्या हो रही थी। मुंह से खाना निगलने में भी उन्हें दिक्कत हो रही थी। इस कारण शरीर निढाल हो गया था। मेदांता अस्पताल के चिकित्सकों की टीम ने उन्हें आईसीयू में भर्ती किया। इलाज से दूसरे दिन से ही उनकी सेहत में काफी सुधार होने लगा। महंत आहार ग्रहण करने लगे। वह शिष्यों व शुभचिंतकों से बात करने लगे।

मेदांता अस्पताल के इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिटिकल केयर मेडिसिन के निदेशक डॉ. दिलीप दूबे व क्रिटिकल केयर के सीनियर कंसल्टेंट व इंचार्ज डॉ. पुष्पेन्द्र सांगवान ने बताया कि बीते आठ सितम्बर को महंत नृत्यगोपाल दास को बेहद नाजुक हालत में मध्य प्रदेश के ग्वालियर से लाया गया। यूरिन ट्रैक में संक्रमण बढ़ रहा था।

सेप्टीसिमिया का खतरा बढ़ रहा था। रात में ही आईसीयू में एक्सपर्ट की निगरानी में उन्हें रखा गया। इलाज शुरू हुआ। दो दिन में ही वह खतरे से बाहर आ गए। मंगलवार को उन्हें आईसीयू से बाहर निकाला गया। अब वह पूरी तरह स्वस्थ हैं। उन्हें आज डिस्चार्ज कर दिया गया।

—————

(Udaipur Kiran) / बृजनंदन यादव

Most Popular

To Top