
36 बिरादरी को मिलेगा पूरा हक : कृष्णलाल पंवार
भाजपा की नीतियों पर प्रदेश की जनता ने जताया विश्वास : ओमप्रकाश धनखड़
रोहतक, 29 मार्च (Udaipur Kiran) । स्थानीय सिंचाई विश्राम गृह परिसर में शनिवार को नवनिर्वाचित महापौर तथा निगम पार्षदों के पदभार ग्रहण समारोह का आयोजन किया। कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, कृष्ण लाल पंवार, एवं पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कार्यक्रम के उपरांत नगर निगम कार्यालय पहुंचकर मेयर रामअवतार वाल्मीकि को पदभार ग्रहण करवाया तथा मिठाई खिलाई। साथ ही रोहतक शहर को ट्रिपल इंजन सरकार द्वारा देश का सबसे सुंदर व स्वच्छ शहर बनाने के लिए नगर निगम की नवनिर्वाचित टीम को सभी के साथ मिलकर कार्य करने की बात कही।
विकास एंव पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा पार्टी की लोक हितैषी नीतियों के फलस्वरूप केंद्र व प्रदेश में तीसरी बार सरकारों का गठन हुआ है। भाजपा ने अपने कार्यों के दम पर लोकसभा, विधानसभा, विधानसभा उपचुनाव, दिल्ली विधानसभा चुनाव इत्यादि में जीत का परचम लहराया है। साथ ही प्रदेश में निकाय चुनावों में पार्टी का प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा विधानसभा में बजट सत्र के दौरान सबसे लंबा भाषण देने का रिकॉर्ड बनाया है। सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा में निकाय चुनाव में जीत प्रधानमंत्री के कुशल मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व की जीत है। उन्होंने कहा कि यह जीत भाजपा की नीतियों व केंद्र-प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों की जीत है। साथ ही उन्होंने कहा कि आज सरकार समाज के सभी वर्गों की भलाई के लिए कार्य कर रही है तथा बजट के माध्यम से हर वर्ग को उनका हक सुनिश्चित किया गया है।
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ ने नवनिर्वाचित महापौर तथा पार्षदों को पद ग्रहण करने की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर निगम की टीम मिलकर रोहतक शहर को विश्व स्तर का शहर बनाने में अपना योगदान दें। रोहतक में सभी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाते हुए लोगों के जीवन को सुगम बनाया जाए।नवनिर्वाचित महापौर रामअवतार वाल्मीकि ने कहा कि जनता ने भाजपा को पूरा समर्थन देकर केंद्र व प्रदेश में तीसरी बार जीत दिलाई है। केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा सभी वर्गों के कल्याण के लिए योजनाएं क्रियान्वित की जा रही है। उन्होंने कहा कि वे 24 घंटे जनहित के कार्यों में प्रयासरत रहेंगे तथा शहरवासियों के जीवन को और अधिक सुगम बनाने की दिशा में कार्य करेंगे।
—————
—————
(Udaipur Kiran) / अनिल
