HEADLINES

भाखड़ा जल विवाद पर अब हरियाणा सरकार ने बुलाई सर्वदलीय बैठक

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी

चंडीगढ़, 2 मई (Udaipur Kiran) । भाखड़ा जल विवाद पर पंजाब के बाद अब हरियाणा सरकार ने भी सर्वदलीय बैठक बुलाई है। यह बैठक शनिवार को चंडीगढ़ में होगी। हरियाणा सरकार का आराेप है कि मांग पर पंजाब की ओर से पानी मुहैया नहीं करवाया जा रहा है। पंजाब सरकार ने गुरुवार को भाखड़ा डैम पर बने कंट्रोल रूम पर ताला लगा दिया गया है। इस समय भाखड़ा पर पंजाब पुलिस का पहरा है।

हरियाणा व पंजाब में पिछले कई दिनों से भाखड़ा के पानी की सप्लाई को लेकर विवाद छिड़ा हुआ है। इस संबंध में शुक्रवार को दिल्ली में हुई एक बैठक में भी इस समस्या का समाधान नहीं निकला। जिसके बाद हरियाणा ने जहां सुप्रीम कोर्ट में जाने की तैयारी कर ली है वहीं मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सर्वदलीय बैठक बुला ली है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली सर्वदलीय बैठक के लिए मुख्य सचिव कार्यालय की तरफ से शुक्रवार की शाम का पत्र जारी कर दिया गया है। इस बैठक में शामिल होने के लिए भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान, इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा, जननायक जनता पार्टी के अध्यक्ष दुष्यंत चौटाला, आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता, बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण जमालपुर, कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष प्रेम चंद के अलावा हरियाणा में पंजीकृत नेशनल पीपुल पार्टी के प्रतिनिधियों को शामिल होने के लिए बुलाया गया है।

इस बैठक में मुख्यमंत्री नायब सैनी प्रदेश के वर्तमान हालातों के बारे में सभी दलों के सामने एक रिपोर्ट पेश करेंगे। अब तक हुए घटनाक्रम के बारे में सभी दलों के बताने के बाद मुख्यमंत्री आगामी रणनीति के बारे में भी खुलासा कर सकते है। जिसके बाद सभी दलों का समर्थन मांगा जाएगा।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top