Haryana

रोहतक से पंचकूला शिफ्ट हो गया हरियाणा भाजपा का मुख्यालय

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी पंचकूला में प्रदेश कार्यालय के उदघाटन अवसर पर हवन करते हुए

चंडीगढ़, 6 अप्रैल (Udaipur Kiran) । हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी का 46वां स्थापना दिवस पंचकूला में धूमधाम से मनाया गया। पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर रविवार को भाजपा का प्रदेश कार्यालय रोहतक से पंचकूला शिफ्ट हो गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने विधिवत हवन-यज्ञ कर नए कार्यालय का शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अटल चौक, अटल पार्क की आधारशिला रखी और पंचकूला कार्यालय में अटल सभागार का उद्घाटन भी किया।

अटल सभागार में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि 6 अप्रैल 1980 को भारतीय जनता पार्टी का गठन हुआ और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी पहले अध्यक्ष बने। अटल जी के नेतृत्व में भाजपा की यात्रा शुरू होकर इतनी तेज गति से आगे बढ़ी कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीन बार जनता ने भाजपा को समर्थन दिया और आज नॉन स्टॉप भाजपा की सरकार देश में काम कर रही है। सैनी ने कहा कि पार्टी के प्रदेश कार्यालय पंचकमल से संगठन को मजबूती मिलेगी। प्रदेश की जनता की अपेक्षाओ पर खरा उतरने का काम करेंगे।

सैनी ने कहा कि भाजपा आज एक वट वृक्ष बनी है और इसे वट वृक्ष बनाने में कई पीढ़ियां खपी हैं। कार्यकर्ताओं की मेहनत और तपस्या का परिणाम है कि देश के 140 करोड़ लोगों को वट वृक्ष रूपी भाजपा छांव देने का काम कर रही है। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 14 अप्रैल को बाबा साहेब बीआर अंबेडकर की जयंती के मौके पर हरियाणा आ रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी हरियाणा को पहला महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट देंगे और साथ ही यमुनानगर में चौघरी दीनबंधू छोटूराम थर्मल पॉवर की 800 मेगावाट क्षमता की एक यूनिट की आधारशिला रखेंगे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।

भाजपा के मुख्यालय शिफ्ट होने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे कार्यकर्ताओं को बड़ा लाभ मिलेगा। कार्यकर्ताओं और लोगों के चंडीगढ़ में काम होते हैं तो इस कार्यालय से काफी मदद मिलेगी।

इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और परिश्रम से भाजपा पूरी दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रित राजनीतिक पार्टी बनी है। हम सभी एकजुट होकर भाजपा परिवार के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज 21 राज्यों में भाजपा व एनडीए की सरकार है। नगर निगम, नगरपरिषद, नगरपालिका या फिर जिला परिषद सभी जगह भाजपा के कार्यकर्ता नजर आ रहे हैं यह कार्यकर्ताओं की मेहनत का ही परिणाम है।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा, विधायक शक्ति रानी शर्मा, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, मेयर कुलभूषण गोयल, चेयरमैन कृष्ण लांबा सहित कार्यक्रम में भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिसार से कांग्रेस सांसद को भी देंगे पीएम के कार्यक्रम का न्यौताकार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि भाजपा की विचारधारा सभी को साथ लेकर चलने की है। हिसार एयरपोर्ट के उद्घाटन के मौके पर कांग्रेस सांसद जय प्रकाश को भी आमंत्रित किया जाएगा। सैनी ने कहा कि जय प्रकाश हिसार के सांसद हैं और उन्हें कार्यक्रम में आना चाहिए और हिसार एयरपोर्ट से भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए अयोध्या भी जाना चाहिए।

किसी कर्मचारी को हटाया नहीं जा रहा, विपक्ष कर रहा गुमराहमुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारी सरकार ने एचकेआरएन के 1 लाख 20 हजार युवाओं की जॉब सुरक्षित की है। किसी भी कर्मचारी को हटाया नहीं जा रहा है। विपक्ष खाली गुमराह करने का काम कर रहा है। सीएम ने यह भी कहा कि अगर कहीं कोई शिकायत है तो वह जांच का विषय है।

————–

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top