Haryana

हरियाणा भाजपा ने कई जिलाें में प्रदर्शन कर केजरीवाल का पुतला फूंका

हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गाेयल पंचकूला में केजरीवाल का पुतला फूंकते हुए

चंडीगढ़, 28 जनवरी (Udaipur Kiran) । दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के यमुना के पानी में जहर मिलाने संबंधी बयान के बाद हरियाणा के राजनीतिक दलों ने उनकी घेराबंदी कर आलाेचना की। मंगलवार काे भारतीय जनता पार्टी ने चंडीगढ़ से लेकर दिल्ली तक केजरीवाल को घेरते हुए उनके विरुद्ध प्रदर्शन भी किया। इस दाैरान प्रदेश के कई शहरों में केजरीवाल के पुतले फूंके गए। वहीं कांग्रेस ने भी इस मामले में केजरीवाल पर सवाल उठाए।

हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने पंचकूला में आयोजित केजरीवाल विरोधी प्रदर्शन की अगुवाई की और कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल का पुतला दहन किया। इस माैके पर मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि केजरीवाल ने किसी सरकार या व्यक्ति पर नहीं बल्कि हरियाणा की पौने तीन करोड़ जनता पर सवाल खड़ा किया है। हरियाणा सरकार यमुना के पानी की जांच करवाने के लिए तैयार है। केजरीवाल इससे भाग रहे हैं। गोयल ने कहा कि वह फरीदाबाद क्षेत्र से आते हैं। यमुना का पानी दिल्ली में दूषित होने के बाद फरीदाबाद पहुंचता है। इसके अलावा भाजपा कार्यकर्ताओं ने कैथल, फतेहाबाद और जींद में प्रदर्शन किया।

हरियाणा भाजपा ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा कि केजरीवाल कपटि कालनेमि हैं। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना ऐसी डाक्टर हैं, जिसके पास कोई दांत का दर्द लेकर जाए तो उसके आंखों में जलन वाली दवाई डाल देती हैं। वो व्यक्ति अपनी दांत का दर्द भूलकर पहले आंखों के दर्द से चिल्लाने लगता है। दिल्ली की जनता के साथ पिछले 11 वर्षों से ये ‘आप-दा’ वाले यही काम कर रहे हैं। भाजपा ने लिखा कि दरअसल ये लोग दिल्ली वालों को मुंह दिखाने लायक नहीं हैं, क्योंकि 2020 के घोषणा पत्र में जो वादे किए थे, उनमें से एक भी पूरा नहीं हुआ। यमुना की हालत तो इन्होंने और भी बदतर कर दी है। दिल्ली की जनता यमुना के विषैले पानी को लेकर इनसे सवाल पूछ रही है, इसलिए अब ये हरियाणा वासियों पर अपनी नाकामी थोपकर बचना चाहते हैं, लेकिन 5 फरवरी को दिल्ली की जनता ‘आप-दा’ मुक्त हो जाएगी और कालनेमि से सदा के लिए छुटकारा प्राप्त कर लेगी।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top