Haryana

हरियाणा : आम आदमी पार्टी ने चुनाव प्रचार का बिगुल फूंका, अगले 15 दिन में हाेंगी 45 रैलियां 

आम आदमी पार्टी नेता अनुराग ढांडा पत्रकाराें से बातचीत करते हुए

भगवंत मान व सुनीता केजरीवाल संभालेंगे प्रचार की कमान

26 जुलाई को बरवाला व डबवाली में सभा करेंगे भगवंत मान

चंडीगढ़, 25 जुलाई (Udaipur Kiran) । आम आदमी पार्टी (आआपा) ने हरियाणा में अपने चुनाव प्रचार अभियान के लिए रैलियों का कार्यक्रम जारी कर दिया है। राज्य में

पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के अलावा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल प्रचार का जिम्मा संभालेंगी।

गुरुवार को आआपा के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आआपा राज्य में अगले 15 दिन में 45 बड़ी रैलियां करने जा रही है। पार्टी 15 दिन में हर दो विधानसभा में एक चुनावी रैली करेगी। जिसमें पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की धर्मपत्नी सुनीता केजरीवाल, राज्यसभा सांसद संजय सिंह और राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) डॉ. संदीप पाठक और प्रदेश के नेता इस अभियान में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि 26 जुलाई को बरवाला और डबवाली में रैली होगी। इन रैलियों को पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान संबोधित करेंगे। 27 जुलाई को सुनीता केजरीवाल साढौरा विधानसभा इलाके में रैली को संबोधित करेंगी। 28 जुलाई को गढी सांपला किलोई और भिवानी में सुनीता केजरीवाल की विशाल रैलियां होंगी। पानीपत ग्रामीण, आदमपुर और फतेहाबाद में 28 और 29 जुलाई को सांसद संजय सिंह तीन बड़ी रैलियों को संबोधित करेंगे। 28 जुलाई को ही गनौर में भी संजय सिंह रैली को संबोधित करेंगे। नारायणगढ़ और गुलहा में 30 जुलाई को मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान की रैली होगी।

उन्होंने बताया कि 31 जुलाई को करनाल और जींद में सुनीता केजरीवाल रैलियों को संबोधित करेंगी। 3 अगस्त को उचाना कलां व रानियां में सुनीता केजरीवाल और शाहबाद व कुरुक्षेत्र में संजय सिंह रैलियों करेंगे। 4 अगस्त को बल्लभगढ़ और सोहना में सुनीता केजरीवाल, असंध, सोनीपत और पेहवा में सरदार भगवंत मान और महेंद्रगढ़ व रोहतक में संजय सिंह रैलियों को संबोधित करेंगे। 7 जुलाई को सरदार भगवंत मान दादरी और बहादुरगढ़ में, 8 जुलाई को कालांवाली और हांसी में संजय सिंह, 9 जुलाई को यमुनानगर और पूंडरी विधानसभा में संजय सिंह, 10 अगस्त को नारनौल और बेरी में सुनीता केजरीवाल, 11 अगस्त को सुनीता केजरीवाल टोहाना और नलवा में और गुरुग्राम व हथीन में संजय सिंह, 12 अगस्त को घरौंडा व गोहाना में सीएम भगवंत मान और रादौर व अंबाला सिटी में संजय सिंह रैलियों को संबोधित करेंगे। इसके अलावा 5-6 रैलियों का शेड्यूल और बन रहा है। कुल मिलाकर अगले 15 दिन में आम आदमी पार्टी हर दो विधानसभा पर एक विशाल रैली करके पूरे हरियाणा में अपनी छाप छोड़ेगी। इन रैलियों के दौरान हरियाणा के लोगों को अरविंद केजरीवाल की पांच गारंटियों के बारे में बताया जाएगा। रैलियों के दौरान पार्टी के नेता हरियाणा वासियों के सामने आम आदमी पार्टी को राजनीतिक विकल्प के रूप में पेश करेंगे।

(Udaipur Kiran) शर्मा / Sunil Kumar Saxena

Most Popular

To Top