
एम्स्टर्डम, 07 जून (Udaipur Kiran) । भारतीय पुरुष हॉकी टीम के उप-कप्तान हार्दिक सिंह ने शनिवार को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए अपने करियर का 150वां अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला। यह उपलब्धि उन्होंने एफआईएच प्रो लीग 2024-25 के यूरोपीय चरण के पहले मैच में नीदरलैंड के खिलाफ हासिल की। उनकी इस उपलब्धि पर हॉकी इंडिया ने उन्हें शुभकामनाएं दी है।
पंजाब के जालंधर से ताल्लुक रखने वाले 26 वर्षीय मिडफील्डर हार्दिक सिंह ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत 2018 हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी से की थी, जिसमें भारत और पाकिस्तान को संयुक्त विजेता घोषित किया गया था। तब से लेकर अब तक उन्होंने लगभग हर बड़े टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी योग्यता और स्थायित्व का लोहा मनवाया है।
हार्दिक भारत की उस ऐतिहासिक टीम का हिस्सा रहे हैं जिसने टोक्यो 2020 और पेरिस 2024 ओलंपिक में कांस्य पदक जीते। इसके साथ ही बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में रजत पदक, हांगझो एशियन गेम्स 2022 और 2023 चेन्नई एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में स्वर्ण पदक, तथा 2018 मस्कट एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भी स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
हार्दिक को 2021 में अर्जुन पुरस्कार, 2022 व 2023 में हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सीनियर प्लेयर ऑफ द ईयर अवॉर्ड और 2024 में अजीत पाल सिंह मिडफील्डर ऑफ द ईयर अवॉर्ड से नवाजा गया है।
अपनी इस उपलब्धि पर हार्दिक ने कहा, “यह मेरे लिए एक भावुक क्षण है। भारत की जर्सी पहनना मेरे लिए हमेशा गर्व की बात रही है। 150 मैच पूरे करना किसी सपने के सच होने जैसा है। इस यात्रा में बहुत कुछ सीखा, सहा और कई यादगार पल मिले। मैं अपने कोचों, साथियों और परिवार का धन्यवाद करता हूं जो हमेशा मेरे साथ खड़े रहे। आगे भी देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देता रहूंगा।”
हॉकी इंडिया ने दी बधाई
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ दिलीप तिर्की ने हार्दिक को बधाई देते हुए कहा, “हार्दिक ने खुद को विश्व हॉकी के सबसे भरोसेमंद और चतुर मिडफील्डर्स के रूप में स्थापित किया है। मैच के दौरान उनका संतुलन और दबाव में खेलने की क्षमता उन्हें विशेष बनाती है। हम उन्हें इस उपलब्धि पर हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं।”
हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा कि “26 वर्ष की उम्र में 150 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलना हार्दिक की प्रतिबद्धता, अनुशासन और फिटनेस का प्रमाण है। वे भारतीय हॉकी के एक प्रेरणास्रोत खिलाड़ी हैं। उनके योगदान पर हमें गर्व है।”
—————
(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय
