Madhya Pradesh

ग्वालियर: गुरुवार को मनेगी मिनी धनतेरस, होगी बंपर खरीदारी

ग्वालियर, 22 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । आज से दीपावली के मात्र नौ दिन शेष बचे हुए हैं। इससे पहले 24 अक्टूबर गुरुवार को पुष्य नक्षत्र (मिनी धनतेरस) पड़ रहा है। इस योग में खरीदारी और किसी कार्य की नई शुरूआत करना बेहद ही शुभ है। शहर में पुष्य नक्षत्र को लेकर बाजार दुल्हन की तरह सज गए हैं। इस दिन बंपर खरीदारी होने की संभावना है। ज्योतिषाचार्य डॉ. सतीश सोनी के अनुसार गुरु पुष्य योग के साथ सर्वार्थ सिद्धि और अमृत सिद्धि योग का शुभ संयोग भी बन रहा है।

ज्योतिषाचार्य ने बताया कि 24 अक्टूबर को पुष्य नक्षत्र की शुरुआत सुबह से हो जाएगी, जो पूरे दिन रहेगा। इसके अलावा इस दिन महालक्ष्मी, सर्वार्थसिद्धि, अमृतसिद्धि, बुधादित्य योग भी बनेगा। दिवाली से पहले गुरु पुष्य नक्षत्र के साथ इतने शुभ योग के बनने के कारण खरीदारी, नया काम शुरू करने और निवेश के लिए अच्छा समय है। ज्योतिषाचार्य ने बताया कि इस वर्ष का आखिरी गुरु पुष्य नक्षत्र 24 अक्टूबर को सुबह 06:15 से शुरू होगा और इसकी समाप्ति 25 अक्टूबर शुक्रवार को सुबह 7:40 बजे होगी।

इन वस्तुओं की कर सकते हैं खरीदारी: ज्योतिषाचार्य के अनुसार पुष्य नक्षत्र पर शनि के प्रभाव के कारण लोहा भी महत्वपूर्ण है। चंद्र के प्रभाव से चांदी की खरीदारी भी शुभ मानी जाती है। गुरु पुष्य नक्षत्र में भूमि, जमीन, घर, भवन, गाड़ी खरीदना शुभ होता है। इस दिन दुकान में दक्षिणावर्ती शंख की स्थापना करने से धन आगमन होता है।

(Udaipur Kiran) / शरद शर्मा

Most Popular

To Top