Madhya Pradesh

ग्वालियर: अब शुष्क रहेगा मौसम, गिरेगा रात का पारा

ग्वालियर, 22 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । अचानक आए बादलों ने रात में बढ़ती ठंड पर ब्रेक लगा दिया था लेकिन अब फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अब न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी। जिससे रात में ठंड बढ़ेगी लेकिन फिलहाल दिन का मौसम गर्म बना रहेगा।

पिछले दिनों न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था लेकिन इसी बीच बीते रविवार को अचानक बादल छा जाने से सोमवार को न्यूनतम तापमान बढ़कर 21.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था जबकि मंगलवार को यह 20.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया जो औसत से 3.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है लेकिन अधिकतम तापमान आज भी 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में पूर्वी राजस्थान और उससे सटे उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश में एक दुर्बल चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी में तीव्र निम्नदाब क्षेत्र बना हुआ है। हालांकि बादल छाने की संभावना नहीं है लेकिन इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से नमी युक्त दक्षिण-पश्चिमी हवाएं आ रही हैं। इस वजह से अगले चार से पांच दिन तक न्यूनतम तापमान में आंशिक गिरावट ही होगी। फिलहाल ज्यादा गिरावट की संभावना कम है। देर रात और अलसुबह हल्की ठंड बनी रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही दर्ज होगा।

(Udaipur Kiran) / शरद शर्मा

Most Popular

To Top