
ग्वालियर, 25 मार्च (Udaipur Kiran) । मार्च माह में गर्मी का मार्च पास्ट इसी प्रकार जारी रहा तो इस साल मई-जून में गर्मी बीते साल का रिकॉर्ड तोड़ सकती है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो वर्तमान मौसम में अब तक का सबसे अधिक है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है इस बार मार्च अंत तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है। इससे पहले 2024 में 29 मार्च को अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
वर्तमान में मौसम को प्रभावित करने वाली कोई मौसम प्रणाली मौजूद नहीं है। ऐसे में मौसम शुष्क बना हुआ है और पश्चिम से शुष्क हवाएं आ रही हैं। जिससे धूप काफी तेज हो गई है। पिछले दिनों की अपेक्षा मंगलवार को दोपहर की धूप काफी असहनीय रही। मौसम के जानकारों की मानें तो अगले दो से तीन दिन मौसम इसी प्रकार गर्म बना रहेगा। इस दौरान अधिकतम एवं न्यूतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार मंगलवार को पिछले दिन की तुलना में अधिकतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान भी 0.8 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस कम है। यानी रात में अभी गर्मी से कुछ राहत बनी हुई है।
(Udaipur Kiran) / शरद शर्मा
