Madhya Pradesh

ग्वालियर: दोपहर बाद आंधी के साथ हुई बूंदाबांदी, पारा पहुंचा 44.5 डिग्री पर

ग्वालियर, 20 मई (Udaipur Kiran) ।राजस्थान और हरियाणा सहित पड़ोसी देश पाकिस्तान में मौजूद मौसम प्रणालियों के प्रभाव से मौसम अलग-अलग रंग दिखा रहा है। कभी सूरज आग उगलता है तो कभी आंधी-बारिश की स्थिति देखने को मिल रही है। इसके चलते तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी हुई है।

मंगलवार को सुबह से दोपहर बाद तक सूरज ने जमकर आग उगली लेकिन अपरान्ह करीब चार बजे से आसमान में घने बादल घुमडऩे लगे। इस दौरान धूल भरी आंधी चली और हल्की बूंदाबांदी भी हुई। मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के अनुसार इस समय पूर्वी राजस्थान, हरियाणा और मध्य पाकिस्तान में अलग-अलग चक्रवातीय परिसंचरण बने हुई हैं। मध्य पाकिस्तान में मौजूद चक्रवातीय परिसंचरण से दक्षिण हरियाणा, दक्षिण उत्तर प्रदेश, बिहार, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल होते हुए उत्तरी बांग्लादेश तक द्रोणिका लाइन बनी हुई है।

एक साथ मौजूद इन चार मौसम प्रणालियों के प्रभाव से हवा के साथ नमी आ रही है। इधर ओवर हीटिंग हो रही है। इसी वजह से बादलों की आवा-जाही बनी हुई है। इसके चलते अगले 24 घंटे के दौरान भी ग्वालियर सहित भिण्ड, मुरैना, दतिया, शिवपुरी, श्योपुर जिलों में कहीं-कहीं झोकेदार हवाओं के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में आज अधिकतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.0 डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान भी 0.7 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 29.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) / शरद शर्मा

Most Popular

To Top