Madhya Pradesh

ग्वालियर: उत्तर-पश्चिमी हवा का असर, सामान्य से नीचे पहुंचा पारा

ग्वालियर, 18 मार्च (Udaipur Kiran) । पिछले तीन दिन से तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। मौसम विज्ञानी इसे उत्तर-पश्चिम से आ रही ठंडी हवा का असर बता रहे हैं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले चार दिन तक मौसम में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है।

यहां बता दें कि विगत 11 मार्च को अचानक अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। इसके बाद बादलों की आवा-जाही के चलते तापमान में गिरावट हुई। पिछले तीन दिन से उत्तर एवं उत्तर-पश्चिम से आ रही ठंडी हवा की वजह से मंगलवार को अधिकतम तापमान लुढ़क कर 31.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है जो सामान्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान में भी पिछले 24 घंटे में 3.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस पर ही ठहर गया जो सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस कम है।

दिन व रात के तापमान में आई गिरावट और ठंडी हवा की वजह से पिछले दो दिन से देर रात से सुबह सूर्योदय से पहले तक हल्की ठंड महसूस हो रही है। हालांकि दिन में गर्मी का असर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार इस समय दक्षिण-पूर्वी ईरान में पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। इधर छत्तीसगढ़ से कर्नाटक तक द्रोणिका लाइन गुजर रही है। इन मौसम प्रणालियों का ग्वालियर एवं चंबल संभाग में कोई असर नहीं है। ऐसे में अगले चार दिन तक मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान उत्तरी एवं उत्तर-पश्चिम से ठंडी हवा का आना जारी रहेगा। इसके चलते दिन व रात के तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) / शरद शर्मा

Most Popular

To Top