Madhya Pradesh

ग्वालियरः नीडम आरओबी जल्द ही जनता को समर्पित किया जाएगा

कलेक्टर ने किया आरओबी का निरीक्षण

– मुख्यमंत्री ने शेष काम जल्द से जल्द पूर्ण कराने के दिए थे निर्देश, कलेक्टर ने किया आरओबी का निरीक्षण

ग्वालियर, 5 अप्रैल (Udaipur Kiran) । ग्वालियर में नव निर्मित विवेकानंद नीडम आरओबी (रेलवे ओवर ब्रिज) जल्द ही जनता को समर्पित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बीते रोज ग्वालियर की ट्रांजिट विजिट के दौरान विमानतल पर कलेक्टर रुचिका चौहान को नीडम आरओबी का निरीक्षण कर शेष काम शीघ्र से शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि शेष कार्य पूर्ण होते ही आरओबी का लोकार्पण कर इसे जनता के लिये खोल दिया जाएगा।

जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने शनिवार को नीडम आरओबी के शेष कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण कराने को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संभागीय आयुक्त मनोज खत्री, कलेक्टर रुचिका चौहान व नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय सहित अन्य संबंधित अधिकारियों से चर्चा की। व्हीसी के माध्यम से उन्होंने कहा नव निर्मित आरओबी की कमियों को तत्परता से पूर्ण कराया जाए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में कलेक्टर रुचिका चौहान ने शनिवार को नीडम आरओबी का निरीक्षण किया। उन्होंने आरओबी पर रोशनी के लिये किए जा रहे विद्युतीकरण, शेष रोड फर्निशिंग, आरओबी के दोनों ओर की कॉलोनियों को सड़क सुरक्षा मानकों के अनुसार जोड़ने की कार्रवाई युद्ध स्तर पर पूर्ण करने के निर्देश मौके पर मौजूद सेतु निगम के कार्यपालन यंत्री को दिए। कलेक्टर ने कहा कि कॉलोनियों को पुल से जोड़ने का काम इस तरह से किया जाए, जिससे आवागमन के दौरान दुर्घटना की स्थिति न बने। आरओबी पर प्रोपर ढंग से रेडियम लगाने और डिवाइडर सहित जरूरत के मुताबिक स्पीड ब्रेकर बनाने की हिदायत भी उन्होंने निरीक्षण के दौरान दी।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top